Bhilai News: भिलाई में फिल्मी अंदाज में अपहरण कर डकैती, 6 बदमाशों ने युवकों को बंधक बनाकर लूटे 87 हजार रुपये, पढ़ें खबर

Bhilai News: भिलाई में फिल्मी अंदाज में अपहरण कर डकैती, 6 बदमाशों ने युवकों को बंधक बनाकर लूटे 87 हजार रुपये, पढ़ें खबर

Chhattisgarh Bhilai News: भिलाई। दुर्ग-भिलाई के सुपेला थाना क्षेत्र में अपहरण, डकैती और मारपीट का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। बालोद जिले के डौंडी से घूमने आए दो युवकों का छह बदमाशों ने फिल्मी अंदाज में अपहरण कर कई घंटों तक बंधक बनाए रखा। आरोपियों ने दोनों के साथ बेरहमी से मारपीट की और नकदी, मोबाइल, स्कूटी समेत करीब 87,180 रुपये का सामान लूट लिया। इसके बाद चाकू की नोक पर उनसे एक वीडियो भी बनवाया और जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए।

पुलिस के मुताबिक, डौंडी निवासी करण कुमार कुर्रे अपने रिश्तेदार दिव्य बांदे के साथ 2 जुलाई की रात दुर्ग-भिलाई घूमने आए थे। तड़के करीब 4:30 बजे गदा चौक स्थित पुरानी शराब भट्ठी के पास उनकी एक्टिवा स्कूटी खराब हो गई। इसी दौरान वहां पहुंचे दो युवकों ने मदद के बहाने बातचीत शुरू की और स्कूटी खरीदने की बात करने लगे। गाड़ी के दस्तावेज नहीं होने का फायदा उठाते हुए उन्होंने अपने चार अन्य साथियों को भी बुला लिया और स्कूटी चोरी की होने का आरोप लगाकर दोनों युवकों का जबरन अपहरण कर लिया।

आरोपी दोनों को सेक्टर-6 स्थित साईं मंदिर के पास ले गए, जहां उन्हें बंधक बनाकर मारपीट की गई। इस दौरान बदमाशों ने बिना नंबर की एक्टिवा स्कूटी, दो मोबाइल फोन, 5 हजार रुपये नकद, तीन चांदी की अंगूठियां, एक चांदी का ब्रेसलेट, एटीएम कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस सहित अन्य दस्तावेज और इलेक्ट्रिकल उपकरणों से भरा बैग लूट लिया।

इतना ही नहीं, आरोपियों ने पीड़ितों से मोबाइल का पिन नंबर पूछकर उनके पेटीएम खाते का बैलेंस चेक किया और क्यूआर कोड स्कैन कर 18,180 रुपये भी जबरन अपने खाते में ट्रांसफर करवा लिए।

वारदात के बाद आरोपी दोनों युवकों को मोटरसाइकिल पर बैठाकर नगपुरा, कुरूद और ग्रीन चौक होते हुए पुलगांव नाले के पास ले गए। वहां चाकू दिखाकर उनकी गर्दन पर वार करने की धमकी दी और जबरन एक वीडियो रिकॉर्ड कराया, जिसमें उनसे यह कहलवाया गया कि वे स्कूटी चोरी कर बेचने आए थे। बदमाशों ने वीडियो वायरल करने और जान से मारने की धमकी देने के बाद दोनों को छोड़ दिया।

घटना की शिकायत पर सुपेला थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 140 और 310(2) के तहत अपहरण, डकैती और लूट का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस पेटीएम ट्रांजैक्शन, तकनीकी साक्ष्यों और आरोपियों के हुलिए के आधार पर उनकी तलाश में जुटी हुई है।


Related Articles