Chhattisgarh Durg News: भिलाई। भिलाई नगर के स्मृति नगर चौकी क्षेत्र में एक केयरटेकर द्वारा अपने प्रेमी के कहने पर मालिक के घर से नकदी चोरी करने का मामला सामने आया है। शादी समारोह की व्यस्तता का फायदा उठाकर महिला घर से ₹23,500 लेकर फरार हो गई। पुलिस ने तकनीकी जांच के आधार पर आरोपी महिला और उसके प्रेमी को रायपुर से गिरफ्तार कर लिया। दोनों के कब्जे से चोरी की पूरी रकम और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक, जुनवानी स्थित सूर्या विहार कॉलोनी निवासी रोहन कुखरानिया ने सुपेला थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि अपनी मां की देखभाल के लिए पिछले करीब दो वर्षों से ममता चौहान (27) को केयरटेकर के रूप में रखा गया था। 27 जून को घर में शादी समारोह होने के कारण परिवार के सभी सदस्य तैयारियों में व्यस्त थे। इसी दौरान ममता ने मौका पाकर अलमारी में रखे ₹23,500 चोरी कर लिए और बिना किसी को बताए घर छोड़कर फरार हो गई।
शिकायत के आधार पर सुपेला थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 933 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 306 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी महिला के मोबाइल नंबर का तकनीकी विश्लेषण किया, जिसके आधार पर उसकी लोकेशन रायपुर में मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने रायपुर पहुंचकर ममता चौहान और उसके प्रेमी शीतल वर्मा को हिरासत में लिया।
पूछताछ में ममता चौहान ने स्वीकार किया कि उसके प्रेमी शीतल वर्मा ने पैसों की जरूरत का हवाला देते हुए उसे चोरी करने के लिए उकसाया था। उसके कहने पर ही उसने मालिक के घर की अलमारी से नकदी चुराई थी।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से चोरी की ₹23,500 नकदी और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। दोनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
दुर्ग पुलिस ने लोगों से अपील की है कि घरेलू सहायकों और केयरटेकर का पुलिस सत्यापन अवश्य कराएं तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल नजदीकी पुलिस थाना या डायल 112 पर दें।

