Kawardha News: कवर्धा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, जुआ खेलते 6 आरोपी गिरफ्तार, नगदी समेत 4 बाइक जब्त

Kawardha News: कवर्धा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, जुआ खेलते 6 आरोपी गिरफ्तार, नगदी समेत 4 बाइक जब्त

CG Kawardha News: कवर्धा। जिले में जुआ-सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कवर्धा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। चौकी दामापुर एवं थाना कुंडा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में ग्राम कुआंमालगी में सार्वजनिक स्थान पर जुआ खेलते हुए छह लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नगदी, ताश के पत्ते, मोबाइल फोन और मोटरसाइकिलें जब्त की हैं।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, चौकी दामापुर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम कुआंमालगी में कुछ लोग ताश के पत्तों से हार-जीत का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना की पुष्टि होने के बाद पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर दबिश दी।

पुलिस को देखते ही कुछ जुआरियों ने मौके से भागने का प्रयास किया, लेकिन घेराबंदी कर सभी छह आरोपियों को पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से जुआ खेलने में इस्तेमाल किए जा रहे 52 पत्ती ताश, 6 हजार रुपये नकद, 6 मोबाइल फोन तथा 4 मोटरसाइकिलें बरामद कर जब्त की गईं।

पुलिस ने जब्त सामग्री को विधिवत कब्जे में लेकर सभी आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के प्रावधानों के तहत मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की है।

कवर्धा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में जुआ, सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपने आसपास संचालित किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। पुलिस का कहना है कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखना और नागरिकों को भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराना उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।


Related Articles