Shahdol News: कियोस्क अनुमति के बदले मांगी घूस, सेंट्रल बैंक के सहायक प्रबंधक पर CBI का शिकंजा

Shahdol News: कियोस्क अनुमति के बदले मांगी घूस, सेंट्रल बैंक के सहायक प्रबंधक पर CBI का शिकंजा

MP Shahdol Latest News: शहडोल। भ्रष्टाचार के खिलाफ केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के सहायक प्रबंधक अभ्यंकर शर्मा को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी पर बैंकिंग कियोस्क खोलने की अनुमति और प्रस्ताव स्वीकृत करने के बदले रिश्वत मांगने का आरोप है।

जानकारी के अनुसार, शहडोल निवासी दीपेंद्र सिंह ने चार बैंकिंग कियोस्क खोलने के लिए बैंक में आवेदन किया था। आरोप है कि आवेदन को मंजूरी देने और आवश्यक अनुमति जारी करने के एवज में सहायक प्रबंधक ने 10 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की थी। लगातार घूस मांगने से परेशान होकर दीपेंद्र सिंह ने मामले की शिकायत CBI जबलपुर इकाई से की।

शिकायत की प्रारंभिक जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद CBI ने ट्रैप की योजना बनाई। बताया जा रहा है कि 8 सदस्यीय CBI टीम शहडोल पहुंची और आरोपी की गतिविधियों पर नजर रखी गई। तय योजना के तहत बैंक अधिकारी ने बैंक के बाहर गुरुद्वारे के पास शिकायतकर्ता से रिश्वत की राशि ली।

जैसे ही आरोपी ने 10 हजार रुपये अपने हाथ में लिए, पहले से मौजूद CBI टीम ने उसे रंगे हाथों पकड़ लिया। कार्रवाई के बाद बैंकिंग और प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है।

CBI अधिकारियों के अनुसार आरोपी से पूछताछ की जा रही है और मामले की विस्तृत जांच जारी है। इस कार्रवाई को भ्रष्टाचार के खिलाफ एक बड़ी सफलता माना जा रहा है, जिससे सरकारी और बैंकिंग संस्थानों में रिश्वतखोरी करने वालों में भय का माहौल बना है।


Related Articles