Chhattisgarh Durg News:दुर्ग। रसमड़ा-पिपरछेड़ी क्षेत्र स्थित शिवनाथ नदी में नहाने गए एक युवक की डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। मृतक मूल रूप से केरल का रहने वाला था और भिलाई के सुपेला स्थित इंडियन कॉफी हाउस में वेटर के रूप में कार्यरत था। घटना के बाद उसके सहकर्मियों और परिजनों में शोक की लहर है।
नगर पुलिस अधीक्षक दुर्ग हर्षित मेहर ने बताया कि मृतक की पहचान आशिन ओएस के रूप में हुई है, जो केरल के एर्नाकुलम जिले का निवासी था। रविवार को साप्ताहिक अवकाश होने के कारण वह अपने चार दोस्तों के साथ घूमने और नहाने के लिए रसमड़ा-पिपरछेड़ी क्षेत्र में स्थित शिवनाथ नदी पहुंचा था।
जानकारी के अनुसार आशिन तैरना जानता था, इसलिए वह नदी में उतर गया, जबकि उसके अन्य साथी किनारे पर ही मौजूद रहे। नहाने के दौरान वह नदी के उस हिस्से में पहुंच गया जहां पानी काफी गहरा था। गहराई का सही अंदाजा नहीं लग पाने के कारण वह संतुलन खो बैठा और देखते ही देखते गहरे पानी में समा गया।
युवक को डूबता देख उसके दोस्तों ने तत्काल डायल-112 को सूचना दी। सूचना मिलते ही राहत दल और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद आशिन को नदी से बाहर निकाला गया और अस्पताल ले जाया गया। रास्ते में उसे सीपीआर भी दिया गया, लेकिन उसकी हालत में कोई सुधार नहीं हुआ।
जिला अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने के बाद अंजोरा चौकी पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
परिजनों के अनुसार आशिन अपने परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य था। उसकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। सोमवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद उसके पार्थिव शरीर को रायपुर से विमान के जरिए केरल भेजने की तैयारी की गई, जहां उसके गृह नगर में अंतिम संस्कार किया जाएगा।

