CG Breaking News: रायपुर। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में विशेष जांच अभियान के दौरान 57 HIV पॉजिटिव मरीजों की पहचान होने के बाद स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर आ गया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए राज्य सरकार ने निगरानी और जांच अभियान तेज कर दिया है। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और घबराने की बजाय जागरूक रहने की अपील की है।
पूरे प्रदेश में चल रहा विशेष जांच अभियान
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि केवल रायगढ़ ही नहीं, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ में HIV संक्रमण की पहचान और रोकथाम के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। जांच के दौरान जो लोग HIV पॉजिटिव पाए जा रहे हैं, उनके उपचार और परामर्श की समुचित व्यवस्था सरकार द्वारा की जा रही है।
उन्होंने कहा कि HIV संक्रमित मरीजों को घबराने की आवश्यकता नहीं है, क्योंकि सरकार के पास उपचार और देखभाल के लिए पर्याप्त संसाधन उपलब्ध हैं।
नशे की प्रवृत्ति पर जताई चिंता
मंत्री जायसवाल ने युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि कुछ युवा नशीली दवाओं का गलत तरीके से उपयोग कर रहे हैं। ऐसे मामलों में प्रशासन और पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। उन्होंने कहा कि नशे और संक्रमण जैसी समस्याओं से निपटने के लिए केवल सरकारी प्रयास ही पर्याप्त नहीं हैं, बल्कि समाज और परिवार की जागरूकता भी बेहद जरूरी है।
जागरूकता से ही रुकेगा संक्रमण
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि HIV जैसी गंभीर बीमारी से बचाव के लिए लोगों को जागरूक होना होगा। परिवार, समाज और शैक्षणिक संस्थानों को मिलकर युवाओं को सही जानकारी और मार्गदर्शन देना चाहिए, ताकि संक्रमण और नशे जैसी समस्याओं पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि HIV से संबंधित किसी भी जानकारी या जांच के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करें और किसी भी प्रकार की अफवाहों पर विश्वास न करें।

