Chetan Chandel Arrested: भिलाई। ऑनलाइन जुआ और सट्टा संचालन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने छत्तीसगढ़ क्रांति सेना के दुर्ग जिला उपाध्यक्ष चेतन चंदेल को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, पहले गिरफ्तार किए गए आरोपियों से पूछताछ के दौरान चेतन चंदेल का नाम सामने आया था।
सूचना के आधार पर हुई कार्रवाई
पुलिस के मुताबिक 31 मई को थाना छावनी क्षेत्र के कसाई मोहल्ला स्थित नहर किनारे कुएं के पास ऑनलाइन जुआ और सट्टा खिलाए जाने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश देकर आतिश गौर और रियाज अहमद को गिरफ्तार किया था। कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से चार मोबाइल फोन भी जब्त किए गए थे।
पूछताछ में सामने आया चेतन चंदेल का नाम
गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के दौरान दोनों ने अपने मेमोरेंडम कथन में चेतन चंदेल का नाम लिया। इसके बाद पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की और उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में आरोपी ने अपने अपराध को स्वीकार किया, जिसके आधार पर उसके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई।
जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज
मामले में थाना छावनी में छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धारा 3(2) तथा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 112 के तहत अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि ऑनलाइन जुआ और सट्टा नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
पहले भी विवादों में रह चुका है आरोपी
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार चेतन चंदेल का नाम पहले भी विभिन्न आपराधिक मामलों में सामने आ चुका है। पुलिस का दावा है कि उसके खिलाफ जुआ, सट्टा, मारपीट और छेड़छाड़ से जुड़े मामलों में करीब नौ बार चालानी कार्रवाई की जा चुकी है। इसके अलावा बालोद जिले में दर्ज बलवा के दो मामलों में भी उसकी कथित संलिप्तता बताई गई है।
ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क पर पुलिस की नजर
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में ऑनलाइन जुआ और सट्टा गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। मामले की जांच जारी है और नेटवर्क से जुड़े अन्य संदिग्धों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

