सूरजपुर: लाखों की पुलिया पर उठे सवाल, दवनकरा पटेलपारा में निर्माण कार्य में अनियमितता के आरोप

सूरजपुर: लाखों की पुलिया पर उठे सवाल, दवनकरा पटेलपारा में निर्माण कार्य में अनियमितता के आरोप

Chhattisgarh Surajpur News: सूरजपुर। सूरजपुर जिले के जनपद पंचायत प्रतापपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत दवनकरा के पटेलपारा में लाखों रुपये की लागत से निर्मित हो रही पुलिया निर्माण कार्य को लेकर ग्रामीणों ने गंभीर सवाल खड़े किए हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता मानकों की अनदेखी की जा रही है, जिससे पुलिया की मजबूती और टिकाऊपन पर संदेह उत्पन्न हो गया है।

ग्रामीणों के अनुसार पुलिया निर्माण में सरपंच और सचिव की मनमानी के चलते निर्धारित मानकों का पालन नहीं किया जा रहा है। आरोप है कि लागत कम करने के उद्देश्य से बेस निर्माण में लापरवाही बरती गई है, जिसके कारण पुलिया की नींव कमजोर दिखाई दे रही है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि निर्माण कार्य इसी तरह जारी रहा तो आगामी बरसात में पुलिया को नुकसान पहुंचने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।

स्थानीय लोगों ने यह भी आरोप लगाया है कि निर्माण कार्य की निगरानी करने वाले विभागीय अधिकारियों और इंजीनियरों की भूमिका भी संदेह के घेरे में है। उनका कहना है कि जिम्मेदार अधिकारियों की उदासीनता और कथित मिलीभगत के कारण निर्माण की गुणवत्ता से समझौता किया जा रहा है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष और तकनीकी जांच कराई जाए तथा निर्माण कार्य की गुणवत्ता रिपोर्ट सार्वजनिक की जाए। उनका कहना है कि यदि जांच में अनियमितता या भ्रष्टाचार की पुष्टि होती है तो संबंधित सरपंच, सचिव, ठेकेदार और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।

ग्रामीणों का आरोप है कि सार्वजनिक धन से हो रहे इस निर्माण कार्य में पारदर्शिता का अभाव है और गुणवत्ता पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा। ऐसे में क्षेत्रवासियों की निगाहें अब प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।

इस संबंध में जनपद पंचायत प्रतापपुर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) से पक्ष जानने के लिए फोन के माध्यम से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका और कॉल रिसीव नहीं किया गया।

अब देखना होगा कि प्रशासन ग्रामीणों की शिकायतों को कितनी गंभीरता से लेता है और निर्माण कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए क्या कदम उठाता है। फिलहाल पुलिया निर्माण को लेकर उठे सवालों ने स्थानीय स्तर पर चर्चा और चिंता का विषय बना दिया है।


Related Articles