Chhattisgarh News: रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता अमित चिमनानी ने कहा है कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में चल रहा सुशासन तिहार विकास, जन सरोकार और जनकल्याण का नया आयाम स्थापित कर रहा है। उन्होंने हाल ही में जनता से दुर्व्यवहार के आरोप में निलंबित किए गए अधिकारी रूपेश पांडे के मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि राज्य की संवैधानिक व्यवस्था में जनता का अपमान और गुंडागर्दी किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जाएगी।
चिमनानी ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में सरकार ‘जनता सर्वोपरि’ के संकल्प के साथ काम कर रही है। तीन चरणों में आयोजित सुशासन तिहार के माध्यम से जनता की समस्याओं का त्वरित निराकरण किया जा रहा है और शासकीय योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस अभियान ने शासन में पारदर्शिता, जवाबदेही और जनसंवाद को मजबूती प्रदान की है।
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि सुशासन तिहार का उद्देश्य प्रशासन और जनता के बीच संवाद का मजबूत सेतु बनाना है। इस अभियान में लोगों की शिकायतें केवल सुनी ही नहीं जा रही हैं, बल्कि उन पर त्वरित कार्रवाई भी की जा रही है, जिससे आम लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव दिखाई दे रहा है। उन्होंने दावा किया कि सुशासन तिहार के सकारात्मक परिणाम समाज के हर वर्ग तक पहुंच रहे हैं और इससे जनता का सरकार पर विश्वास और मजबूत हुआ है।
अमित चिमनानी ने कहा कि प्रदेश में भीषण गर्मी के बावजूद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और भाजपा के जनप्रतिनिधि 45 डिग्री तापमान में गांव-गांव पहुंचकर लोगों की समस्याओं का समाधान कर रहे हैं। वहीं उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस और उसके नेताओं ने सुशासन तिहार में व्यवधान डालने तथा जनता के बीच भ्रम फैलाने का प्रयास किया है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस नहीं चाहती कि लोगों की समस्याओं का समाधान हो। इसलिए वह लगातार जनहित के कार्यों में बाधा पहुंचाने और सरकार की सकारात्मक पहलों को बदनाम करने का प्रयास कर रही है। चिमनानी ने कहा कि सुशासन तिहार ने यह साबित किया है कि सरकार जनता की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

