CG News: बेमेतरा। मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत आयोजित सामूहिक विवाह समारोह में हुई अव्यवस्थाओं को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री एवं विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने जिला प्रशासन पर कड़ी नाराजगी जताई। तेज आंधी और बारिश के कारण कार्यक्रम प्रभावित होने के बाद उन्होंने सार्वजनिक मंच से कलेक्टर और एसपी की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए उन्हें नसीहत दी।
आंधी-बारिश से बिगड़ी व्यवस्था, कार्यक्रम करना पड़ा रद्द
कार्यक्रम के दौरान अचानक मौसम ने करवट ली और तेज आंधी के साथ बारिश शुरू हो गई। खराब मौसम के चलते आयोजन स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। मुख्य मंच का टेंट क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि लोगों को बारिश से बचने के लिए कुर्सियां सिर पर रखकर सुरक्षित स्थानों की ओर भागना पड़ा।
स्थिति इतनी बिगड़ गई कि मुख्यमंत्री के आशीर्वाद समारोह सहित कई लोकार्पण और भूमिपूजन कार्यक्रमों को रद्द करना पड़ा।
‘मुख्यमंत्री की गरिमा के अनुरूप नहीं थी व्यवस्था’
कार्यक्रम रद्द होने के बाद रेस्ट हाउस में आयोजित संक्षिप्त समारोह में डॉ. रमन सिंह ने प्रशासनिक तैयारियों पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री और मंत्रिमंडल के कई सदस्य बेमेतरा में मौजूद थे, लेकिन प्रशासन उनकी गरिमा के अनुरूप व्यवस्थाएं सुनिश्चित नहीं कर पाया।
उन्होंने कहा, “कलेक्टर और एसपी को मैं साफ कहना चाहता हूं कि यह ठीक तरीका नहीं है। मुख्यमंत्री यहां मौजूद हैं और उनका पीछे से स्वागत किया जा रहा है। यह प्रशासनिक गंभीरता की कमी को दर्शाता है।”
‘ढाई घंटे में वैकल्पिक व्यवस्था तक नहीं कर पाए’
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि मौसम खराब होने के बाद भी प्रशासन समय रहते कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं कर सका। उन्होंने अधिकारियों की कार्यशैली पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश का पूरा नेतृत्व मौजूद होने के बावजूद प्रशासन स्थिति को संभालने में विफल रहा।
उन्होंने कहा, “मुख्यमंत्री, डिप्टी सीएम और मंत्रिमंडल के साथी यहां बैठे रहे, लेकिन प्रशासन ढाई घंटे तक कोई वैकल्पिक स्थान तक नहीं ढूंढ पाया।”
‘15 साल मुख्यमंत्री रहा, ऐसी अव्यवस्था कभी नहीं देखी’
अपने लंबे प्रशासनिक अनुभव का उल्लेख करते हुए डॉ. रमन सिंह ने कहा कि उन्होंने 15 वर्षों तक मुख्यमंत्री के रूप में कार्य किया है, लेकिन इस तरह की अव्यवस्था कभी देखने को नहीं मिली।
उन्होंने कहा, “मैं 15 साल तक मुख्यमंत्री रहा, लेकिन ऐसी व्यवस्था कभी नहीं देखी। अब शायद अधिकारी इससे सीख लेंगे। मुझे जो कहना था, इसलिए मैंने कहा।”
बारिश ने बिगाड़ा कार्यक्रम का पूरा स्वरूप
तेज आंधी और बारिश के कारण सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन पूरी तरह प्रभावित हो गया। प्रशासन की तैयारियों और आपदा प्रबंधन को लेकर अब सवाल उठने लगे हैं। डॉ. रमन सिंह की नाराजगी के बाद यह मामला जिले में चर्चा का विषय बना हुआ है।

