महासमुंद में दर्दनाक सड़क हादसा: ट्रक की चपेट में आने से पुलिस हवलदार की मौत, चालक फरार

महासमुंद में दर्दनाक सड़क हादसा: ट्रक की चपेट में आने से पुलिस हवलदार की मौत, चालक फरार

Road Accident in Mahasamund News: महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में नेशनल हाईवे-53 पर रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में छत्तीसगढ़ पुलिस के हवलदार की मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है। घटना सांकरा थाना क्षेत्र की बताई जा रही है।

ड्यूटी के दौरान जा रहे थे हवलदार

मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान दयासागर भोई के रूप में हुई है, जो छत्तीसगढ़ पुलिस में हवलदार पद पर कार्यरत थे और वर्तमान में बागबाहरा थाना में पदस्थ थे। रविवार दोपहर करीब 12 से 1 बजे के बीच वह किसी आवश्यक कार्य से बल्दीडीह से सांकरा की ओर बाइक से जा रहे थे।

इसी दौरान जोंक नदी के पास विपरीत दिशा से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि हवलदार दयासागर भोई की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद चालक फरार

हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही सांकरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पिथौरा भेज दिया है।

पुलिस जुटी जांच में

सांकरा थाना प्रभारी उत्तम तिवारी ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। घटनास्थल का निरीक्षण कर पंचनामा कार्रवाई पूरी कर ली गई है। फरार ट्रक चालक और वाहन की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच की जा रही है।

पुलिस विभाग में शोक की लहर

हवलदार दयासागर भोई के आकस्मिक निधन की खबर मिलते ही पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई। उनके साथी पुलिसकर्मियों और परिचितों ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।


Related Articles