बेमेतरा में दिखेगी अनोखी मिसाल, सामूहिक विवाह समारोह में विवाह रचाएंगे विधायक दीपेश साहू, सीएम विष्णुदेव साय भी होंगे शामिल

बेमेतरा में दिखेगी अनोखी मिसाल, सामूहिक विवाह समारोह में विवाह रचाएंगे विधायक दीपेश साहू, सीएम विष्णुदेव साय भी होंगे शामिल

MLA Dipesh Sahu Marriage: बेमेतरा। मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत रविवार को बेमेतरा में एक अनोखा और चर्चित आयोजन होने जा रहा है। बेमेतरा से भाजपा विधायक दीपेश साहू सरकारी योजना के तहत आयोजित सामूहिक विवाह समारोह में 23 गरीब और जरूरतमंद जोड़ों के साथ सात फेरे लेंगे। वीआईपी संस्कृति और भव्य विवाह समारोहों से अलग यह आयोजन सामाजिक समानता, सादगी और जनसरोकार का संदेश देने वाला माना जा रहा है।

23 जोड़ों के साथ विवाह बंधन में बंधेंगे विधायक

शहर के बेसिक स्कूल मैदान में आयोजित सामूहिक विवाह समारोह में विधायक दीपेश साहू अपनी जीवनसंगिनी तरूणा साहू के साथ विवाह बंधन में बंधेंगे। खास बात यह है कि उनके लिए कोई अलग मंच या विशेष व्यवस्था नहीं होगी। वे अन्य 23 जोड़ों के साथ सामूहिक रूप से विवाह की सभी रस्में पूरी करेंगे।

शनिवार देर रात विधायक की हल्दी रस्म भी संपन्न हुई। विवाह से पहले उन्होंने स्वयं आयोजन स्थल पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री के दौरे की तैयारियों का लिया जायजा

विधायक ने कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रस्तावित दौरे और विभिन्न आयोजनों की व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने आयोजन को सुव्यवस्थित और गरिमामय ढंग से संपन्न कराने पर जोर दिया। प्रशासन ने सुरक्षा, यातायात और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे दिया है।

हितग्राहियों को मिलेगा योजनाओं का लाभ

सामूहिक विवाह कार्यक्रम के साथ-साथ विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के हितग्राहियों को लाभ वितरण, लोकार्पण और भूमिपूजन कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। इससे यह आयोजन केवल विवाह समारोह तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि विकास और जनकल्याण से जुड़ी गतिविधियों का भी केंद्र बनेगा।

बेमेतरा को 105 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की सौगात

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय रविवार शाम करीब 6 बजे बेमेतरा पहुंचेंगे। इस दौरान वे जिले को 105.04 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की सौगात देंगे। कार्यक्रम में कुल 18 प्रमुख विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन प्रस्तावित है।

इनमें 13 नए विकास कार्यों का भूमिपूजन किया जाएगा, जिनकी अनुमानित लागत लगभग 78.01 करोड़ रुपये है। सड़क, स्वास्थ्य, ग्रामीण विकास और आधारभूत संरचना से जुड़े इन कार्यों से जिले के विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।

प्रदेशभर में चर्चा का विषय बना आयोजन

एक ओर मुख्यमंत्री की मौजूदगी में करोड़ों रुपये के विकास कार्यों की शुरुआत होगी, वहीं दूसरी ओर विधायक दीपेश साहू का सामूहिक विवाह समारोह प्रदेशभर में चर्चा का विषय बना हुआ है। राजनीतिक और सामाजिक हलकों में इसे सादगी और सामाजिक सहभागिता का अनूठा उदाहरण माना जा रहा है।


Related Articles