Chhattisgarh Surajpur News: सूरजपुर। जिले की प्रेमनगर पुलिस ने किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) बनवाने के नाम पर करीब 9.95 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और पुलिस से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
लोन और माफी का लालच देकर रची ठगी की साजिश
प्रेमनगर निवासी मोतीराम सिंह (42) ने 1 मई 2026 को थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, वर्ष 2022 में आरोपी गोरेलाल सिंह ने किसान क्रेडिट कार्ड बनवाने का झांसा दिया। उसने दावा किया कि केसीसी के जरिए 3 से 4 लाख रुपये का लोन मिलेगा, जिसमें आधी राशि माफ हो जाएगी।
आरोपी ने मोतीराम सिंह और उनके पिता भुनेश्वर सिंह के संयुक्त बैंक खाते से दो किश्तों में कुल 9 लाख 95 हजार रुपये का लोन निकलवा लिया। इसके बाद पीड़ित को केवल 1 लाख रुपये देकर बताया कि मात्र 3 लाख रुपये का लोन स्वीकृत हुआ है।
चेकबुक और एटीएम कार्ड रखकर निकाली पूरी रकम
शिकायत के मुताबिक, आरोपी ने पीड़ित का चेकबुक और एटीएम कार्ड भी अपने कब्जे में ले लिया था। इन्हीं दस्तावेजों के जरिए उसने खाते से पूरी राशि निकाल ली और लोन की रकम का बड़ा हिस्सा अपने पास रखकर पीड़ित को लगातार गुमराह करता रहा।
शिकायत के बाद दर्ज हुआ मामला
मामले की जांच के बाद थाना प्रेमनगर में अपराध क्रमांक 53/26 के तहत धोखाधड़ी और आपराधिक षड्यंत्र से संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया। जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी करजी क्षेत्र में छिपा हुआ है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने दबिश देकर आरोपी गोरेलाल सिंह (48) को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में कई और ठगी के मामलों का खुलासा
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने मोतीराम सिंह के अलावा अन्य ग्रामीणों के साथ भी इसी तरह की धोखाधड़ी की है। इसके बाद पुलिस अब संभावित अन्य पीड़ितों की पहचान करने और मामले की विस्तृत जांच में जुट गई है।
बाइक, स्कूटी, चेकबुक और एटीएम कार्ड जब्त
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल की गई होंडा साइन मोटरसाइकिल, टीवीएस इलेक्ट्रिक स्कूटी, स्टेट बैंक का चेकबुक और एटीएम कार्ड बरामद कर जब्त कर लिया है। पुलिस ठगी की रकम की वसूली के साथ मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
ग्रामीणों से पुलिस की अपील
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसान क्रेडिट कार्ड, बैंक लोन या किसी भी वित्तीय योजना के नाम पर अपने दस्तावेज, चेकबुक, एटीएम कार्ड या बैंकिंग जानकारी किसी अनजान व्यक्ति को न सौंपें। किसी भी योजना की जानकारी के लिए सीधे बैंक या अधिकृत संस्थान से ही संपर्क करें, ताकि इस तरह की ठगी से बचा जा सके।

