पाटन चुनाव में भाजपा ने झोंकी ताकत, मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने संभाला चुनावी मोर्चा, BJP प्रत्याशी के समर्थन में दिखा उत्साह

पाटन चुनाव में भाजपा ने झोंकी ताकत, मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने संभाला चुनावी मोर्चा, BJP प्रत्याशी के समर्थन में दिखा उत्साह

Chhattisgarh Patan News: पाटन। जनपद पंचायत पाटन क्षेत्र क्रमांक-4 में भाजपा समर्थित प्रत्याशी के पक्ष में चुनावी माहौल लगातार मजबूत होता नजर आ रहा है। इसी कड़ी में पाटन विधानसभा क्षेत्र के ग्राम सांकरा में छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री एवं आरंग विधायक गुरु खुशवंत साहेब की उपस्थिति में विशाल जनसभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान भाजपा ने अपने संकल्प पत्र का विमोचन करते हुए क्षेत्र के विकास का रोडमैप जनता के सामने रखा और ट्रिपल इंजन सरकार बनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम की शुरुआत मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने परम पूज्य गुरु घासीदास बाबा के स्मरण के साथ की। उन्होंने गुरुगद्दी एवं जैतखाम की विधिवत पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

सभा को संबोधित करते हुए मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने क्षेत्रवासियों से विकास, सुशासन और जनकल्याण को प्राथमिकता देते हुए भाजपा समर्थित जनपद सदस्य प्रत्याशी सुरेंद्र कुमार साहू के पक्ष में मतदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के समग्र विकास और जनसेवा के संकल्प को साकार करने के लिए भाजपा प्रत्याशी को भारी मतों से विजयी बनाना आवश्यक है। उन्होंने मतदाताओं से चुनाव चिन्ह ‘झोपड़ी छाप’ पर मुहर लगाने का आग्रह किया।

सभा में बड़ी संख्या में मौजूद ग्रामीणों और समर्थकों ने “विकास का कमल खिलाएंगे, भाजपा को जिताएंगे” के नारों के साथ भाजपा के प्रति अपना समर्थन व्यक्त किया। कार्यक्रम के दौरान भाजपा नेताओं ने दावा किया कि क्षेत्र में पार्टी के पक्ष में सकारात्मक माहौल बन रहा है और जनता का व्यापक समर्थन मिल रहा है।

चुनावी अभियान को गति देने में ग्राम सांकरा के सरपंच रवि सिंगौर की भूमिका भी प्रमुख रही। उनके नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने क्षेत्र में लगातार जनसंपर्क अभियान चलाया है। जनसभा के बाद मंत्री गुरु खुशवंत साहेब के मार्गदर्शन में नेताओं और कार्यकर्ताओं ने घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क किया और भाजपा की नीतियों एवं संकल्प पत्र की जानकारी दी।

पार्टी के अनुसार पिछले कई दिनों से जनसभाओं, डोर-टू-डोर जनसंपर्क, सामाजिक बैठकों और वार्ड स्तरीय संवाद कार्यक्रमों के माध्यम से चुनाव प्रचार अभियान चलाया जा रहा है, जिसे जनता का अच्छा समर्थन मिल रहा है।

इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश, जिला और मंडल स्तर के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक और क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।


Related Articles