बालोद पुलिस की बड़ी कार्रवाई: भारी मात्रा में गांजे के साथ तस्कर गिरफ्तार, 6.25 लाख का माल जब्त

बालोद पुलिस की बड़ी कार्रवाई: भारी मात्रा में गांजे के साथ तस्कर गिरफ्तार, 6.25 लाख का माल जब्त

Chhattisgarh Balod News: बालोद। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना पुरूर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 12.100 किलोग्राम गांजा के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से गांजा और वाहन समेत कुल करीब 6.25 लाख रुपए की संपत्ति जब्त की है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि एक व्यक्ति TVS XL 100 मोपेड में गांजा लेकर कांकेर-चारामा मार्ग से रायपुर की ओर जा रहा है। सूचना के आधार पर थाना पुरूर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर ग्राम मरकाटोला कैंप के सामने वाहनों की सघन जांच शुरू की।

जांच के दौरान मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए के आधार पर ग्राम कनेरी मनेरीपारा, थाना पुरूर निवासी 40 वर्षीय रवि नेताम को रोककर पूछताछ की गई। तलाशी लेने पर उसकी मोपेड में रखी सफेद प्लास्टिक बोरी से खाकी टेप में पैक छह पैकेट गांजा बरामद किया गया।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोनिका ठाकुर ने बताया कि जब्त गांजा का कुल वजन 12.100 किलोग्राम है, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत लगभग 6.05 लाख रुपए है। वहीं तस्करी में इस्तेमाल की गई TVS XL 100 मोपेड, जिसकी कीमत करीब 20 हजार रुपए है, उसे भी जब्त कर लिया गया है।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख) के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया। न्यायालय के आदेश पर आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।


Related Articles