Chhattisgarh Alert Ebola Virus: रायपुर। वैश्विक स्तर पर इबोला वायरस को लेकर बढ़ती चिंता के बीच छत्तीसगढ़ का स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर आ गया है। राजधानी रायपुर स्थित स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर यात्रियों की स्क्रीनिंग शुरू कर दी गई है। एयरपोर्ट पर विशेष जांच काउंटर बनाए गए हैं, जहां बाहरी राज्यों और अंतरराष्ट्रीय यात्रियों की स्वास्थ्य जांच के साथ उनकी ट्रैवल हिस्ट्री की भी पड़ताल की जा रही है।
स्वास्थ्य विभाग ने एयरपोर्ट प्रशासन और चिकित्सा टीमों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश जारी किए हैं। यात्रियों की थर्मल स्कैनिंग और स्वास्थ्य परीक्षण अनिवार्य किया गया है। संदिग्ध लक्षण पाए जाने पर तत्काल आइसोलेशन और उपचार की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग ने एक नोडल अधिकारी की नियुक्ति की है, जो पूरी निगरानी व्यवस्था पर नजर रखेगा।
दरअसल, अफ्रीकी देशों खासकर कांगो और युगांडा में इबोला संक्रमण के बढ़ते मामलों के बाद विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने वैश्विक स्तर पर चिंता जताई है। इसके बाद भारत समेत कई देशों ने अपने यहां निगरानी और स्वास्थ्य जांच व्यवस्था को सख्त कर दिया है।
हालांकि फिलहाल भारत में इबोला वायरस का कोई मामला सामने नहीं आया है, लेकिन एहतियात के तौर पर केंद्र और राज्य सरकारें सतर्कता बरत रही हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने हाल ही में कहा था कि देश में इबोला का कोई संक्रमित मरीज नहीं मिला है, लेकिन एयरपोर्ट, बंदरगाहों और सीमावर्ती क्षेत्रों में स्क्रीनिंग और निगरानी बढ़ा दी गई है।
केंद्र सरकार ने भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (ICMR) और अन्य स्वास्थ्य एजेंसियों को भी सर्विलांस और टेस्टिंग के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए हैं। वहीं छत्तीसगढ़ स्वास्थ्य विभाग ने आम लोगों से घबराने के बजाय सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध लक्षण पर तत्काल स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करने की अपील की है।

