छत्तीसगढ़ में ईदगाहों में पढ़ी गई नमाज, वक्फ बोर्ड की गाइडलाइन पर सख्ती, खुले में कुर्बानी-DJ पर रोक

छत्तीसगढ़ में ईदगाहों में पढ़ी गई नमाज, वक्फ बोर्ड की गाइडलाइन पर सख्ती, खुले में कुर्बानी-DJ पर रोक

Eid Festival in Chhattisgarh: रायपुर। ईद-उल-अजहा यानी बकरीद के मौके पर रायपुर समेत पूरे छत्तीसगढ़ में मुस्लिम समाज ने नमाज अदा कर अमन और खुशहाली की दुआ मांगी। राजधानी रायपुर की बड़ी ईदगाह में बड़ी संख्या में लोगों ने नमाज अदा की, जबकि रायगढ़ के घड़ी चौक स्थित कदमी ईदगाह में लोगों ने गले मिलकर एक-दूसरे को मुबारकबाद दी।

त्योहार के दौरान कानून व्यवस्था, सामाजिक सौहार्द और स्वच्छता बनाए रखने के लिए छत्तीसगढ़ वक्फ बोर्ड ने राज्यभर में सख्त दिशा-निर्देश जारी किए हैं। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों, सड़कों और खुले इलाकों में कुर्बानी की अनुमति नहीं होगी। कुर्बानी केवल अधिकृत स्लॉटर हाउस या निजी परिसरों के भीतर ही की जा सकेगी।

डॉ. सलीम राज ने बताया कि पिछले वर्ष से ही नमाज शिफ्ट में अदा कराई जा रही है और जारी निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन हो रहा है। उन्होंने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों पर 50 हजार रुपए तक का जुर्माना लगाया जा सकता है।

वक्फ बोर्ड ने त्योहार के दौरान डीजे और तेज आवाज में साउंड सिस्टम बजाने पर भी सख्ती बरतने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने तय साउंड लिमिट से अधिक आवाज में डीजे बजाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी है। पुलिस और नगर निगम की संयुक्त टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं।

प्रशासन का कहना है कि यह फैसला स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने और सभी समुदायों की भावनाओं का सम्मान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से लिया गया है। नगर निगम की टीमों को भी सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए हैं।

वहीं, रायगढ़ में बकरीद के मौके पर महंगे बकरों की खरीदारी भी चर्चा में रही। यहां एक से डेढ़ लाख रुपए तक के बकरे खरीदे गए हैं। पंजाब से बीटल नस्ल के बकरे मंगाए गए, जबकि ओडिशा और आसपास के जिलों से भी बड़ी संख्या में बकरों की सप्लाई हुई। इसके अलावा 20 से 30 हजार रुपए तक के बकरों की भी जमकर खरीदारी हुई।


Related Articles