CG Weather Update : नौतपा में तपेगा छत्तीसगढ़, गुरुवार तक लू का कहर जारी, 29 मई से बारिश-आंधी के आसार

CG Weather Update : नौतपा में तपेगा छत्तीसगढ़, गुरुवार तक लू का कहर जारी, 29 मई से बारिश-आंधी के आसार

CG Weather Update : रायपुर। छत्तीसगढ़ में नौतपा के दौरान भीषण गर्मी और लू का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार तक प्रदेशवासियों को झुलसाने वाली गर्मी और गर्म हवाओं का सामना करना पड़ेगा। अगले 24 घंटों में अधिकतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है, जबकि मध्य छत्तीसगढ़ के कई जिलों में लू चलने के आसार हैं।

दुर्ग सबसे गर्म, रायपुर में भी 43.6 डिग्री तापमान

बुधवार को दुर्ग प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 45.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं राजधानी रायपुर में भी पारा 43.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।

दोपहर के समय तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश भी हुई, लेकिन उमस और गर्मी से लोगों को राहत नहीं मिल सकी।

रायपुर में आज भी लू का अलर्ट

मौसम विभाग के मुताबिक गुरुवार को रायपुर में भी लू चलने की संभावना है। राजधानी का अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। विशेषज्ञों का कहना है कि फिलहाल गर्म और शुष्क हवाओं के कारण तापमान ऊंचा बना हुआ है।

29 मई से बदलेगा मौसम का मिजाज

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 29 मई से प्रदेश के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। अगले तीन दिनों में तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज होने की संभावना है।

हवाओं में नमी बढ़ने से मेघगर्जन, तेज आंधी और बारिश की गतिविधियां तेज होंगी, जिससे लोगों को नौतपा की भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।

मानसून ने अरब सागर और बंगाल की खाड़ी में बढ़ाई रफ्तार

दक्षिण-पश्चिम मानसून ने अभी केरल में प्रवेश नहीं किया है, लेकिन यह दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-पूर्व अरब सागर, लक्षद्वीप और बंगाल की खाड़ी के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ चुका है।

मौसम विभाग ने पहले मानसून के 26 मई को केरल पहुंचने का अनुमान जताया था, हालांकि इसमें कुछ दिनों की देरी या जल्दी की संभावना भी बताई गई थी।

40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेगा अंधड़

मौसमी प्रणालियों के संयुक्त प्रभाव के चलते 29 मई से प्रदेशभर में तेज अंधड़ और बारिश का दौर शुरू हो सकता है। मौसम विभाग ने 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, आकाशीय बिजली गिरने और कई इलाकों में वर्षा की संभावना जताई है।

इस बदलाव के बाद लोगों को भीषण गर्मी और लू से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।


Related Articles