Bhilai Steel Plant Theft : BSP से करोड़ों के लोहे की चोरी का खुलासा, गोदाम सील, भारी मशीनें और 100 टन माल जब्त

Bhilai Steel Plant Theft : BSP से करोड़ों के लोहे की चोरी का खुलासा, गोदाम सील, भारी मशीनें और 100 टन माल जब्त

Bhilai Steel Plant Theft News : दुर्ग। जिले के अकलोरडीह गांव में भिलाई स्टील प्लांट (BSP) से करोड़ों रुपये के लोहे की चोरी का बड़ा मामला सामने आया है। पुलिस ने छापेमार कार्रवाई करते हुए एक गोदाम से भारी मात्रा में संदिग्ध लोहा बरामद किया है। मौके पर मौजूद लोहे का जखीरा और भारी मशीनों को देखकर पुलिस और जांच एजेंसियां भी हैरान रह गईं।

इस मामले के सामने आने के बाद भिलाई इस्पात संयंत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। माना जा रहा है कि बिना अंदरूनी मिलीभगत के इतनी बड़ी चोरी संभव नहीं थी।

गोदाम सील, भारी वाहन और मशीनें जब्त

भिलाई-3 थाना क्षेत्र के अकलोरडीह गांव में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गोदाम को सील कर दिया है। साथ ही वहां मौजूद करीब एक दर्जन भारी वाहनों और मशीनों को जब्त किया गया है।

जब्त किए गए उपकरणों में:

  • पोकलेन मशीन
  • बुलडोजर
  • ट्रक
  • चैन माउंटेन जैसी भारी मशीनें शामिल हैं।

लंबे समय से चल रहा था संगठित नेटवर्क

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह पूरा नेटवर्क लंबे समय से संगठित तरीके से संचालित किया जा रहा था। चोरी का लोहा अकलोरडीह स्थित मोहम्मद सलीम के गोदाम में जमा किया जाता था और वहां से अन्य जगहों पर खपाया जाता था।

बताया जा रहा है कि आरोपी डस्ट परिवहन की आड़ में चोरी को अंजाम देते थे। मामले में बीएसपी के कई स्तरों पर मिलीभगत की आशंका भी जताई जा रही है।

400 CCTV और 1200 CISF जवानों के बावजूद चोरी

सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि बीएसपी परिसर और आसपास करीब 400 सीसीटीवी कैमरे तथा 1200 से अधिक CISF जवानों की तैनाती के बावजूद इतनी बड़ी मात्रा में लोहा बाहर कैसे निकाला गया।

अब तक पुलिस ने 100 टन से अधिक संदिग्ध लोहा जब्त किया है।

मुख्य आरोपी फरार

मामले में मुख्य आरोपी संजय सिंह और गोदाम संचालक मोहम्मद सलीम फिलहाल फरार बताए जा रहे हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जल्द ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के नाम भी सामने आ सकते हैं।


Related Articles