बलरामपुर। प्रदेश में लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी और हीटवेव को लेकर अखिल भारतीय फार्मासिस्ट एसोसिएशन के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सूरज यादव ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि तेज धूप और बढ़ते तापमान का असर लोगों की सेहत पर पड़ सकता है, इसलिए दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचना चाहिए।
सूरज यादव ने कहा कि खासकर बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को अधिक सतर्क रहने की जरूरत है। उन्होंने लोगों को पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, हल्के और ढीले सूती कपड़े पहनने तथा छांव में रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि समय रहते सावधानी अपनाकर गर्मी के दुष्प्रभाव और हीट स्ट्रोक जैसी समस्याओं से बचा जा सकता है।
तबीयत बिगड़ने का बढ़ रहा खतरा
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि चिलचिलाती धूप में बाहर निकलने से चक्कर आना, कमजोरी, डिहाइड्रेशन और तबीयत खराब होने जैसी समस्याएं हो सकती हैं। ऐसे में लोगों को अनावश्यक रूप से धूप में जाने से बचना चाहिए।
इन बातों का रखें विशेष ध्यान
सूरज यादव ने लोगों को गर्मी से बचाव के लिए कुछ जरूरी सुझाव भी दिए। उन्होंने कहा कि पानी, छाछ, ORS का घोल, लस्सी, नींबू पानी और आम पना जैसे तरल पदार्थों का अधिक सेवन करें ताकि शरीर में पानी की कमी न हो।
उन्होंने सलाह दी कि सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे के बीच धूप में बाहर निकलने से बचें। यदि बाहर जाना जरूरी हो तो सिर ढंककर निकलें और साथ में पानी जरूर रखें। इसके अलावा सूती, ढीले और आरामदायक कपड़े पहनें ताकि शरीर को ठंडक मिल सके।
सूरज यादव ने पशुपालकों से भी अपील की कि वे जानवरों को छांव में रखें और उन्हें पर्याप्त मात्रा में पानी उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा कि सभी लोग सतर्क रहें और अपनी सेहत का विशेष ख्याल रखें।

