रायपुर में बेटे ने की पिता की हत्या, शराब पीने को लेकर विवाद के बाद डंडे से हमला, आरोपी गिरफ्तार

रायपुर में बेटे ने की पिता की हत्या, शराब पीने को लेकर विवाद के बाद डंडे से हमला, आरोपी गिरफ्तार

Chhattisgarh Raipur Crime News: रायपुर। रायपुर जिले के तिल्दा-नेवरा इलाके में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। शराब पीने को लेकर हुए विवाद में बेटे ने अपने ही पिता की लकड़ी के डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

मामला तिल्दा-नेवरा थाना क्षेत्र के वार्ड क्रमांक-4 का है। पुलिस के मुताबिक 25 मई की रात करीब 9 बजे आरोपी बीरेंद्र कोठारी उर्फ राजू और उसके पिता संतू कोठारी के बीच घर में शराब पीने और दोस्तों को बुलाकर शराबखोरी करने को लेकर विवाद शुरू हुआ। कहासुनी धीरे-धीरे बढ़ती गई और गुस्से में आकर आरोपी ने घर में रखा लकड़ी का डंडा उठाकर पिता पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

हमले में संतू कोठारी को शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। अधिक खून बहने और गंभीर चोटों के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार वारदात के बाद आरोपी ने खुद को बचाने के लिए सबूत मिटाने की कोशिश भी की। उसने घटनास्थल की सफाई की और मृतक के शव को खाट पर लिटा दिया, ताकि मामला सामान्य मौत जैसा लगे।

घटना की सूचना मिलने पर तिल्दा-नेवरा पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर पंचनामा कार्रवाई की। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया, वहीं मौके से जरूरी भौतिक साक्ष्य भी जुटाए गए।

जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी बीरेंद्र कोठारी उर्फ राजू को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने हत्या की बात कबूल कर ली। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल लकड़ी का डंडा भी बरामद कर लिया है।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामले की आगे की जांच जारी है। आरोपी की गिरफ्तारी की पुष्टि डीएसपी वीरेंद्र चतुर्वेदी ने की है।


Related Articles