रायपुर में दर्दनाक हादसा: पानी टैंकर ने 15 वर्षीय बच्चे को कुचला, CCTV आया सामने

रायपुर में दर्दनाक हादसा: पानी टैंकर ने 15 वर्षीय बच्चे को कुचला, CCTV आया सामने

CG Raipur Accident News: रायपुर। राजधानी रायपुर में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 15 साल के बच्चे की मौत हो गई। घटना विधानसभा थाना क्षेत्र के सड्डू स्कूल के पास की है, जहां तेज रफ्तार पानी टैंकर ने बच्चे को कुचल दिया। हादसे का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें टैंकर बच्चे के ऊपर से गुजरता दिखाई दे रहा है।

जानकारी के मुताबिक, मंगलवार (26 मई) को बच्चा बैग टांगे सड़क किनारे पैदल जा रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार पानी टैंकर वहां से गुजरा और उसे अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में गंभीर रूप से घायल बच्चा टैंकर के पहिए चढ़ने के बाद कुछ पल के लिए उठकर खड़ा हुआ, लेकिन फिर सड़क पर गिर पड़ा और उसकी मौत हो गई।

घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोग तुरंत मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। हादसे के बाद टैंकर चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।

पुलिस के मुताबिक, मृतक बच्चा सड्डू के LIG सेक्टर-1 का रहने वाला था। मामले की जांच के लिए पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। सामने आए वीडियो में हादसे से कुछ सेकेंड पहले एक बाइक सवार भी दिखाई दे रहा है। आशंका जताई जा रही है कि बाइक की हलचल के कारण बच्चा अचानक टैंकर के सामने आ गया हो।

जांच में यह भी सामने आया है कि हादसे के तुरंत बाद सबसे पहले वही अज्ञात बाइक सवार मौके पर पहुंचा था। फिलहाल उसकी पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस फरार टैंकर और चालक की तलाश में जुटी हुई है।


Related Articles