GPM Crime News : गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही में दिनदहाड़े सराफा व्यापारी की गोली मारकर हत्या, लूट के बाद फरार हुए बदमाश

GPM Crime News : गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही में दिनदहाड़े सराफा व्यापारी की गोली मारकर हत्या, लूट के बाद फरार हुए बदमाश

GPM Crime News : गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही। छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही जिले में मंगलवार को दिनदहाड़े हुई गोलीबारी की घटना से सनसनी फैल गई। कोटमी गांव के भरे बाजार में लूटपाट के दौरान बदमाशों ने सराफा व्यापारी प्रदीप सोनी की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

लूट के इरादे से पहुंचे थे बदमाश

जानकारी के मुताबिक पेण्ड्रा निवासी प्रदीप सोनी (करीब 50 वर्ष) पेशे से ज्वेलरी व्यवसायी थे और कोटमी गांव के साप्ताहिक बाजार में दुकान लगाए हुए थे। इसी दौरान बाइक सवार तीन बदमाश वहां पहुंचे और लूटपाट की कोशिश करने लगे।

बताया जा रहा है कि बदमाशों ने पहले सोने-चांदी के जेवर लूटे और फिर व्यापारी पर कट्टे से फायरिंग कर दी। गोली लगते ही बाजार में अफरा-तफरी मच गई और लोग इधर-उधर भागने लगे।

पल्सर बाइक से आए थे तीन आरोपी

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तीनों आरोपी एक पल्सर मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए थे। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

गोली लगने के बाद गंभीर रूप से घायल प्रदीप सोनी को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

बाजार में फैली दहशत

भरे बाजार में हुई इस हत्या और लूट की घटना के बाद पूरे इलाके में भय का माहौल है। स्थानीय व्यापारियों और ग्रामीणों में घटना को लेकर भारी आक्रोश देखा जा रहा है।

पुलिस ने शुरू की नाकेबंदी

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और टीम मौके पर पहुंच गई। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए जिलेभर में नाकेबंदी कर दी गई है। पुलिस पल्सर बाइक सवार संदिग्धों की तलाश में जुटी हुई है और आसपास के CCTV फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।


Related Articles