रायपुर में जलभराव से मिलेगी राहत: गीतांजलि नगर-कविता नगर में 1.70 करोड़ से बनेगा नया नाला और 3 पुलिया

रायपुर में जलभराव से मिलेगी राहत: गीतांजलि नगर-कविता नगर में 1.70 करोड़ से बनेगा नया नाला और 3 पुलिया

Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। रायपुर उत्तर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत नगर निगम जोन-3 के शहीद वीरनारायण सिंह वार्ड क्रमांक 33 में वर्षों पुरानी जलभराव की समस्या अब दूर होने जा रही है। कविता नगर और गीतांजलि नगर क्षेत्र में बारिश के दौरान होने वाली परेशानी से राहत दिलाने के लिए लगभग 1 करोड़ 70 लाख रुपए की लागत से नया चौड़ा नाला और 3 पुलिया का निर्माण कराया जाएगा।

इस परियोजना का भूमिपूजन रायपुर उत्तर विधायक पुरंदर मिश्रा और नगर निगम महापौर मीनल चौबे ने किया। इस दौरान जोन-3 अध्यक्ष साधना प्रमोद साहू, वार्ड 33 पार्षद प्रदीप वर्मा, शंकरनगर वार्ड 30 के पार्षद राजेश गुप्ता सहित निगम अधिकारियों और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

605 मीटर क्षेत्र में बनेगा चौड़ा पक्का नाला

नगर निगम द्वारा लगभग 605 मीटर क्षेत्र में 7 से 9 फीट चौड़े पक्के नाले और 3 नई पुलियों का निर्माण किया जाएगा। यह कार्य बाढ़ आपदा राहत मद के अंतर्गत स्वीकृत किया गया है। परियोजना के पूरा होने के बाद गीतांजलि नगर और कविता नगर क्षेत्र में बरसात के दौरान जलभराव की पुरानी समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।

भूमिपूजन कर निर्माण कार्य शुरू करने के निर्देश

भूमिपूजन कार्यक्रम में विधायक पुरंदर मिश्रा और महापौर मीनल चौबे ने श्रीफल फोड़कर और कुदाल चलाकर कार्य की शुरुआत की। उन्होंने निगम अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य तत्काल शुरू कर तय समय सीमा के भीतर पूरा कराया जाए, ताकि बारिश के मौसम में नागरिकों को परेशानी का सामना न करना पड़े।

रहवासियों में खुशी का माहौल

क्षेत्र के रहवासियों, महिलाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और वरिष्ठ नागरिकों ने लंबे समय से चली आ रही जलभराव समस्या के समाधान की दिशा में इस पहल पर खुशी जताई। वार्ड पार्षद प्रदीप वर्मा ने क्षेत्रवासियों की ओर से विधायक पुरंदर मिश्रा और महापौर मीनल चौबे का आभार जताया।


Related Articles