CG Bastar News: बस्तर: छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत खनिज विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। विभाग की टीम ने रेत और चुना पत्थर के अवैध उत्खनन एवं परिवहन में शामिल 36 वाहनों को जब्त किया है। साथ ही 4 भंडारणकर्ताओं के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
खनिज विभाग द्वारा जब्त किए गए वाहनों को आगे की कार्रवाई के लिए पुलिस के हवाले कर दिया गया है। यह कार्रवाई खनिज विभाग के संचालक और बस्तर कलेक्टर के निर्देश पर जिले में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई।
कई इलाकों में उड़नदस्ता टीम की दबिश
जानकारी के अनुसार जिला खनिज जांच उड़नदस्ता दल ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार औचक निरीक्षण किया। टीम ने उपनपाल, देवड़ा, कोडेनार, बड़ेआमाबाल, कोरपाल, बस्तर, खोरखोसा, बेलगांव, धरमपुरा, जगदलपुर, कुम्हरावंड, पिपलावंड, बजावंड, बडांजी, छापरमानपुरी, तारापुर और बनियागांव समेत कई इलाकों में जांच अभियान चलाया।
निरीक्षण के दौरान कई वाहन अवैध रूप से गौण खनिज रेत और चुना पत्थर का उत्खनन एवं परिवहन करते पाए गए। इसके बाद विभाग ने मौके पर कार्रवाई करते हुए वाहनों को जब्त कर लिया।
अवैध उत्खनन और भंडारण पर केस दर्ज
खनिज विभाग के अधिकारियों के मुताबिक अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण में शामिल लोगों के खिलाफ केस दर्ज किए गए हैं। विभाग ने स्पष्ट किया कि सभी मामलों में छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियमावली 2015 के नियम 71 तथा खान-खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1967 की धारा 21 के तहत दंडात्मक कार्रवाई की जा रही है।
अभियान आगे भी रहेगा जारी
प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि जिले में अवैध खनिज कारोबार पर रोक लगाने के लिए आने वाले दिनों में भी सघन अभियान जारी रहेगा। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि अवैध खनन, परिवहन या भंडारण में लिप्त पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

