देश में मौसम के दो रंग: नौतपा के साथ भीषण गर्मी शुरू, कई राज्यों में आंधी-बारिश का अलर्ट

देश में मौसम के दो रंग: नौतपा के साथ भीषण गर्मी शुरू, कई राज्यों में आंधी-बारिश का अलर्ट

Weather News Today: नई दिल्ली। देशभर में मौसम ने एक बार फिर दोहरे तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। एक ओर आज से नौतपा की शुरुआत के साथ भीषण गर्मी और लू का दौर शुरू हो गया है, वहीं दूसरी ओर भारतीय मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश, बिहार, हिमाचल प्रदेश समेत कई राज्यों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है। दक्षिण भारत और पूर्वोत्तर राज्यों में अगले 4 से 5 दिनों तक भारी बारिश और 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। राहत की बात यह है कि दक्षिण-पश्चिम मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है।

दिल्ली-NCR में लू का रेड अलर्ट

दिल्ली-NCR में 25 से 27 मई तक भीषण लू चलने की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग के मुताबिक रविवार शाम को 65 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूलभरी आंधी चल सकती है और कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी भी होने की संभावना है।

यूपी में गर्मी और बारिश दोनों का असर

उत्तर प्रदेश में मौसम का मिला-जुला असर देखने को मिलेगा। लखनऊ, नोएडा और वाराणसी समेत कई जिलों में 28 मई तक लू और धूलभरी हवाएं चलने का अनुमान है। वहीं पूर्वी यूपी में 25 से 29 मई के बीच गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है।

बिहार और झारखंड में आंधी-बारिश का अलर्ट

बिहार के पटना, मुजफ्फरपुर और गया समेत कई इलाकों में उमस भरी गर्मी लोगों को परेशान कर सकती है। राज्य में 25 से 28 मई तक आंधी-तूफान और बारिश का पूर्वानुमान जारी किया गया है।

वहीं झारखंड के रांची और धनबाद समेत कई हिस्सों में 30 मई तक तेज आंधी और बारिश का असर बना रहेगा। कुछ इलाकों में लू चलने की भी संभावना है।

राजस्थान और पंजाब में तपिश बढ़ी

राजस्थान में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच चुका है। मौसम विभाग ने 30 मई तक भीषण लू और धूलभरी आंधी का अलर्ट जारी किया है।

वहीं पंजाब में भी 28 मई तक भीषण गर्मी का असर बना रहेगा। हालांकि 28 से 30 मई के बीच बारिश होने से लोगों को राहत मिल सकती है।

पहाड़ी राज्यों में बदला मौसम

उत्तराखंड में 29 मई तक बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। वहीं हिमाचल प्रदेश और जम्मू और कश्मीर में 30 मई तक बादल छाए रहने, तेज हवाएं चलने और गरज के साथ बारिश होने का अनुमान है।

दक्षिण और पूर्वोत्तर में भारी बारिश की चेतावनी

केरल, तमिलनाडु और पूर्वोत्तर भारत के कई राज्यों में अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश के साथ तेज हवाएं चलने का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून सामान्य से तेज गति से आगे बढ़ रहा है, जिससे आने वाले दिनों में कई राज्यों में मौसम का मिजाज बदल सकता है।


Related Articles