Lormi Latest News: लोरमी। मुंगेली पुलिस ने अवैध जुआ और सट्टे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए खेत में चल रहे जुए के फड़ पर दबिश दी। इस कार्रवाई में पुलिस ने 9 जुआरियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। मौके से नगद राशि के अलावा 7 मोबाइल फोन और 6 मोटरसाइकिल भी जब्त की गई हैं। कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
‘ऑपरेशन बाज’ के तहत कार्रवाई
यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन बाज’ के तहत की गई। एडिशनल एसपी नवनीत कौर छाबड़ा के मार्गदर्शन में साइबर सेल और थाना लोरमी पुलिस की संयुक्त टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया।
खेत में सजा था जुए का अड्डा
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम नवागांव वेंकट स्थित एक खेत में कुछ लोग जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर दबिश दी।
पुलिस ने मौके से 9 जुआरियों को जुआ खेलते हुए पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान फड़ से नगदी सहित लाखों रुपए का सामान जब्त किया गया।
जुआ एक्ट के तहत मामला दर्ज
लोरमी पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ जुआ एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने बताया कि अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।
कार्रवाई के बाद आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया।

