Chhattisgarh Latest News: सूरजपुर। जिले के प्रतापपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने डीजल चोरी के बड़े रैकेट का पर्दाफाश करते हुए ढाबा संचालक और एक टैंकर चालक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान करीब 950 लीटर डीजल, दो टैंकर वाहन, एक स्कॉर्पियो और चोरी में इस्तेमाल होने वाले कई उपकरण जब्त किए हैं। मामले में एक अन्य आरोपी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
जानकारी के अनुसार डीआईजी एवं एसएसपी प्रशांत कुमार ठाकुर के निर्देश पर जिले में अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 22 मई 2026 की रात प्रतापपुर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम दुरती स्थित अन्नपूर्णा ढाबा में टैंकरों से अवैध रूप से डीजल निकाला जा रहा है।
पुलिस ने दी दबिश, मौके पर पकड़े गए आरोपी
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने ढाबे पर दबिश दी। मौके पर ढाबा संचालक रविकांत यादव अपने साथियों के साथ पाइप के माध्यम से टैंकर से डीजल निकालते हुए मिला। जांच में पता चला कि दोनों टैंकर मुगलसराय से भारतीय पेट्रोलियम कंपनी का डीजल लेकर ओडिशा जा रहे थे।
आरोपियों ने टैंकर के ऑयल टैंक को कटिंग मशीन से काटकर लॉक नोजल हटाया और ड्रम व जरिकेन में डीजल भर रहे थे।
950 लीटर डीजल समेत कई सामान जब्त
रेड कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 200 लीटर क्षमता वाले 4 ड्रम, कई प्लास्टिक जरिकेन सहित कुल 950 लीटर डीजल बरामद किया। इसके अलावा पाइप, मापने के उपकरण, लोहे के औजार, कटिंग मशीन और 10 नग लोहे के कम्पाट भी जब्त किए गए। मौके से दो टैंकर और एक काले रंग की स्कॉर्पियो वाहन भी जब्त की गई।
दो आरोपी गिरफ्तार, एक फरार
पुलिस ने ढाबा संचालक रविकांत कुमार यादव निवासी चंदौली (उत्तर प्रदेश) और टैंकर चालक सलीम रहमान खान निवासी कोलकाता (पश्चिम बंगाल) को गिरफ्तार किया है। दोनों के खिलाफ अपराध क्रमांक 151/2026 के तहत धारा 316(3), 316(5) और 3(5) बीएनएस के अंतर्गत कार्रवाई की गई है।
वहीं मामले में फरार आरोपी सलमान की तलाश पुलिस द्वारा लगातार की जा रही है।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी नरेन्द्र सिंह, एएसआई राजेश यादव, प्रधान आरक्षक रविशंकर चौबे, आरक्षक नौशाद और जयप्रकाश पन्ना की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

