रायपुर में बिजली सब स्टेशन निर्माण को लेकर बवाल, ग्रामीणों और पुलिस के बीच झड़प

रायपुर में बिजली सब स्टेशन निर्माण को लेकर बवाल, ग्रामीणों और पुलिस के बीच झड़प

Dispute over Land Acquisition in Raipur News: रायपुर। राजधानी रायपुर के बिरगांव क्षेत्र अंतर्गत कन्हेरा गांव में बिजली सब स्टेशन निर्माण के लिए भूमि अधिग्रहण को लेकर शनिवार को बड़ा विवाद खड़ा हो गया। प्रशासन की कार्रवाई के विरोध में ग्रामीणों ने जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान पुलिस और ग्रामीणों के बीच झड़प की स्थिति भी बन गई, जिससे इलाके में तनाव फैल गया।

जानकारी के अनुसार, बिरगांव-उरला नगर निगम क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले कन्हेरा गांव की चरागाह भूमि पर बिजली सब स्टेशन स्थापित करने की प्रक्रिया प्रशासन द्वारा आगे बढ़ाई जा रही है। ग्रामीण लंबे समय से इस प्रस्ताव का विरोध कर रहे हैं और भूमि को गांव के उपयोग के लिए महत्वपूर्ण बता रहे हैं।

सालभर पहले पंचायत ने दिया था विरोध पत्र

ग्राम पंचायत कन्हेरा की ओर से सरपंच, उपसरपंच और ग्रामीणों ने 8 जनवरी 2025 को तत्कालीन जिला कलेक्टर को पत्र सौंपकर विरोध दर्ज कराया था। पत्र में बताया गया था कि ग्राम पंचायत की खसरा नंबर 372/1, रकबा 8.3236 हेक्टेयर चरागाह भूमि पर बिजली विभाग द्वारा सब स्टेशन निर्माण के प्रयास किए जा रहे हैं, जिसका ग्रामीण लगातार विरोध कर रहे हैं।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया था कि विरोध के बावजूद सीमांकन की प्रक्रिया जबरन की जा रही है, जिससे गांव में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। उनका कहना है कि यह भूमि गांव के निस्तार और मुक्तिधाम के रूप में उपयोग में लाई जाती है और ग्रामीणों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।

प्रदर्शन के दौरान महिलाओं और बच्चों को हिरासत में लिया

शनिवार को अधिग्रहण प्रक्रिया के विरोध के दौरान स्थिति तनावपूर्ण हो गई। मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कई महिलाओं और बच्चों को हिरासत में लेकर बस के माध्यम से सेंट्रल जेल भेज दिया।

हालांकि कुछ समय बाद पुलिस प्रशासन उन्हें वापस गांव छोड़ने के लिए तैयार हुआ, लेकिन ग्रामीण अपनी मांगों पर अड़े रहे और जाने से इनकार कर दिया। फिलहाल प्रशासन और पुलिस की टीम ग्रामीणों को समझाने का प्रयास कर रही है तथा क्षेत्र में स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश जारी है।


Related Articles