Chhattisgarh Surajpur News: सूरजपुर। सूरजपुर जिले के प्रतापपुर जनपद अंतर्गत ग्राम पंचायत केवरा के परसापारा में पिछले दो महीनों से बंद पड़े सोलर पेयजल पंप को आखिरकार सुधार दिया गया है। लंबे समय से पेयजल संकट झेल रहे ग्रामीणों को अब बड़ी राहत मिली है। सोलर पंप में नया मोटर लगाए जाने के बाद गांव में फिर से पानी की आपूर्ति शुरू हो गई है, जिससे ग्रामीणों के चेहरे खुशी से खिल उठे हैं।
जानकारी के अनुसार, सोलर पंप का मोटर खराब होने के कारण गांव में बीते दो महीनों से पानी की भारी समस्या बनी हुई थी। महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को दूर-दराज के जलस्रोतों से पानी लाना पड़ रहा था। कई परिवार मजबूरी में तालाब और अन्य असुरक्षित स्रोतों के पानी का उपयोग कर रहे थे, जिससे बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया था।
ग्रामीणों ने कई बार संबंधित विभाग से शिकायत की, लेकिन समस्या के समाधान की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं की गई। इसके बाद स्थानीय पत्रकार जाहिद अंसारी एवं अन्य प्रिंट मीडिया पत्रकारों ने मामले को प्रमुखता से उठाते हुए ग्रामीणों की परेशानी प्रशासन और विभाग तक पहुंचाई।
मीडिया में खबर प्रकाशित होने के बाद विभाग हरकत में आया और सोलर पंप में नया मोटर लगाकर पेयजल व्यवस्था बहाल कर दी गई। समस्या दूर होने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली और मीडिया के प्रति आभार व्यक्त किया।
ग्रामीणों ने कहा कि गरीब लोगों की समस्याओं को सुनने वाला कोई नहीं था, लेकिन मीडिया ने उनकी आवाज बुलंद की, जिसके बाद विभाग को कार्रवाई करनी पड़ी। ग्रामीणों ने जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाने वाले पत्रकारों की सराहना करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।
हालांकि ग्रामीणों ने प्रशासन से यह मांग भी की है कि भविष्य में ऐसी मूलभूत समस्याओं के समाधान के लिए लोगों को महीनों इंतजार न करना पड़े और शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

