Raipur News: 8 साल का इंतजार खत्म: आज शाम खुलेगा कचना रेलवे ओवरब्रिज, 3 लाख लोगों को मिलेगी राहत

Raipur News: 8 साल का इंतजार खत्म: आज शाम खुलेगा कचना रेलवे ओवरब्रिज, 3 लाख लोगों को मिलेगी राहत

Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। राजधानी रायपुर की जनता का 8 साल पुराना इंतजार आखिरकार आज खत्म होने जा रहा है। कचना रेलवे क्रॉसिंग पर बने बहुप्रतीक्षित ओवरब्रिज का लोकार्पण आज शाम 6 बजे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय करेंगे। उद्घाटन के तुरंत बाद ओवरब्रिज आम लोगों के लिए खोल दिया जाएगा।

करीब 35 करोड़ रुपये की लागत से तैयार यह रेलवे ओवरब्रिज 871 मीटर लंबा और 12 मीटर चौड़ा है। टू-लेन वाले इस ब्रिज का निर्माण खम्हारडीह सीएससीबी कार्यालय के आगे से हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी तक किया गया है। डामरीकरण सहित सभी प्रमुख निर्माण कार्य 7 मई को ही पूरे हो चुके थे। लोकार्पण से पहले देर रात तक स्ट्रीट लाइट लगाने और अंतिम तैयारियों का काम चलता रहा।

कचना रेलवे फाटक लंबे समय से शहर के सबसे व्यस्त और परेशानी वाले क्रॉसिंग में शामिल रहा है। रेलवे के अनुसार इस मार्ग से 24 घंटे में लगभग 120 यात्री और मालगाड़ियां गुजरती हैं, जिसके कारण औसतन हर 15 मिनट में फाटक बंद हो जाता था। ऐसे में लोगों को भीषण गर्मी, बारिश और ट्रैफिक जाम के बीच घंटों तक इंतजार करना पड़ता था।

ओवरब्रिज शुरू होने के बाद वीआईपी स्टेट, अशोका रतन, कचना हाउसिंग बोर्ड, बाराडेरा, जोरा, चंडीनगर, पार्वती नगर और भावना नगर समेत आसपास के इलाकों के करीब 3 लाख लोगों को सीधा लाभ मिलेगा।

लोकार्पण समारोह के चलते आज शाम 5 बजे से 8 बजे तक खम्हारडीह-कचना मार्ग पर यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। अनुपम नगर से कचना जाने वाले वाहन श्रीराम नगर ओवरब्रिज, अशोक रतन और बीएसएनएल कार्यालय होते हुए कचना रेलवे फाटक मार्ग से जाएंगे। वहीं कचना से खम्हारडीह आने वाले वाहन बीएसएनएल कार्यालय, अशोक रतन और श्रीराम नगर ओवरब्रिज होकर अनुपम नगर चौक पहुंच सकेंगे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के साथ पीडब्ल्यूडी मंत्री अरुण, स्थानीय विधायक और जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहेंगे।


Related Articles