Bijli Bill Bhugtan Samadhan Yojana: दुर्ग: छत्तीसगढ़ सरकार की मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना 2026 राज्य के विद्युत उपभोक्ताओं के लिए वरदान साबित हो रही है। दुर्ग क्षेत्र में अब तक 21,543 सक्रिय उपभोक्ताओं ने 1 करोड़ 89 लाख 56 हजार रुपए से अधिक की राशि जमा कर योजना का लाभ उठाया है।
सीएसपीडीसीएल दुर्ग क्षेत्र के कार्यपालक निदेशक संजय खंडेलवाल ने बताया कि योजना न केवल सक्रिय बल्कि निष्क्रिय उपभोक्ताओं के लिए भी राहत प्रदान कर रही है। अब तक 30,458 निष्क्रिय उपभोक्ताओं ने 36 लाख 33 हजार रुपए से अधिक की राशि जमा की है, जबकि उनके कुल बकाया 18 करोड़ 03 लाख 69 हजार रुपए था। पात्रता के अनुसार शेष राशि माफ कर दी गई।
31 मार्च 2023 तक के बकाया बिलों पर योजना के तहत बड़ी राहत दी जा रही है। इसमें निष्क्रिय बीपीएल उपभोक्ताओं को मूल राशि पर 75% और निष्क्रिय घरेलू/कृषि उपभोक्ताओं को 50% छूट तथा अधिभार पर 100% छूट दी जाती है। सक्रिय बीपीएल उपभोक्ताओं के लिए 5 वर्ष से अधिक और 5 वर्ष से कम अवधि के बकाया पर क्रमशः 75% और 50% मूल राशि की छूट तथा अधिभार में 100% छूट का प्रावधान है।
सक्रिय अशासकीय घरेलू/कृषि उपभोक्ताओं को एकमुश्त भुगतान पर 10% और तीन किस्तों में 5% अतिरिक्त छूट के साथ छह किस्तों में भुगतान की सुविधा भी दी गई है। पंजीकरण के लिए अब न्यूनतम 5% अग्रिम राशि देना अनिवार्य है, जबकि सक्रिय बीपीएल उपभोक्ताओं को अग्रिम राशि देने की आवश्यकता नहीं है।
नई सुविधाओं के अंतर्गत 31 मार्च 2023 के बाद निष्क्रिय हुए उपभोक्ता भी योजना का लाभ उठा सकते हैं और निर्धारित औपचारिकताएं पूरी करके पुनः सक्रिय होकर छूट प्राप्त कर सकते हैं।
इस योजना के प्रभावी क्रियान्वयन से दुर्ग क्षेत्र के लाखों उपभोक्ताओं को अपने पुराने बिजली बिलों के बोझ से राहत मिली है और सरकार लगातार बकायादारों से अपील कर रही है कि वे योजना का लाभ उठाएं।

