Clerk Arrested For Taking Bribe: कोरबा: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए SECL कुसमुंडा के सीएमपीएफ विभाग में पदस्थ क्लर्क मनोहर लाल कौशिक को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी पर एक खदान कर्मी से पीएफ राशि निकालने के बदले 10 हजार रुपए रिश्वत मांगने का आरोप है।
जानकारी के अनुसार, SECL कुसमुंडा में कार्यरत एक खदान कर्मी अपने लगभग 5 लाख रुपए पीएफ की निकासी कराना चाहता था। इसके लिए उसने सीएमपीएफ विभाग के क्लर्क मनोहर लाल कौशिक से संपर्क किया। आरोप है कि क्लर्क ने फाइल आगे बढ़ाने के नाम पर कई बार कर्मचारी को चक्कर कटवाए और काम के बदले रिश्वत की मांग की।
क्लर्क की मांग और व्यवहार से परेशान होकर खदान कर्मी ने भिलाई स्थित CBI कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत की पुष्टि के बाद CBI ने विशेष टीम गठित कर कार्रवाई की योजना बनाई। रविवार सुबह भिलाई से पहुंची टीम ने जाल बिछाकर आरोपी को पकड़ने की तैयारी की।
बताया जा रहा है कि रविवार को कार्यालय बंद होने के कारण आरोपी क्लर्क ने शिकायतकर्ता को किसी अन्य स्थान पर बुलाया था। जैसे ही उसने रिश्वत की रकम ली, CBI टीम ने उसे मौके पर ही रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
कार्रवाई के बाद CBI टीम आरोपी को अपने साथ पूछताछ के लिए ले गई। अधिकारियों ने बताया कि आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई के बाद SECL और अन्य विभागों में हड़कंप मच गया है। खदान कर्मियों ने CBI की कार्रवाई का स्वागत करते हुए कहा कि पीएफ निकासी में देरी और रिश्वतखोरी की शिकायतें लंबे समय से सामने आ रही थीं।

