Chhattisgarh Bilaspur News: बिलासपुर: छत्तीसगढ़ में भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान के तहत एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) बिलासपुर ने रविवार को दो अलग-अलग स्थानों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए दो सरकारी कर्मचारियों को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया।
पहली कार्रवाई में बिलासपुर कलेक्ट्रेट में पदस्थ सहायक ग्रेड-3 विजय पांडेय को 15 हजार रुपए रिश्वत लेते पकड़ा गया। आरोपी अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी (ADM) एवं न्याय निर्णयन अधिकारी कार्यालय में पदस्थ है।
जानकारी के अनुसार, कोटा निवासी होटल संचालक देवेंद्र कश्यप के खिलाफ खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत कार्रवाई चल रही थी। इसी दौरान आरोपी ने जुर्माना कम कराने के नाम पर 20 हजार रुपए की मांग की थी। वह पहले ही 5 हजार रुपए ले चुका था और रविवार को 15 हजार रुपए लेते ही ACB ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया।
ACB के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ पहले भी रिश्वत से जुड़ी शिकायतें मिलती रही थीं। उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत कार्रवाई की जा रही है।
इसी तरह दूसरी कार्रवाई में सक्ती जिले के चंद्रपुर थाना में पदस्थ सहायक उप निरीक्षक (ASI) एस.एन. मिश्रा को 20 हजार रुपए रिश्वत लेते गिरफ्तार किया गया।
शिकायतकर्ता शिव प्रसाद बरेठ के अनुसार, आरोपी ने मारपीट के मामले में कार्रवाई से बचाने के एवज में 40 हजार रुपए की मांग की थी। वह पहले ही 20 हजार रुपए ले चुका था और दूसरी किश्त लेते समय चंद्रपुर के गुड्डू ढाबा में ACB ने उसे पकड़ लिया।
ACB अधिकारियों ने बताया कि दोनों मामलों में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई जारी है। साथ ही आम नागरिकों से अपील की गई है कि रिश्वत मांगने की स्थिति में तुरंत सूचना दें, ताकि ऐसे मामलों पर सख्त कार्रवाई की जा सके।

