रायगढ़ में 3 गांजा तस्कर गिरफ्तार, महिला समेत ओडिशा के आरोपी MP ले जा रहे थे नशे की खेप

रायगढ़ में 3 गांजा तस्कर गिरफ्तार, महिला समेत ओडिशा के आरोपी MP ले जा रहे थे नशे की खेप

Chhattisgarh Raigarh News: रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में पुलिस ने गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ओडिशा के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक महिला भी शामिल है। तीनों आरोपी बैग और ट्रॉली में गांजा भरकर ओडिशा से मध्यप्रदेश बिक्री के लिए ले जा रहे थे। पुलिस ने उन्हें रेलवे स्टेशन के बाहर दबोच लिया।

यह कार्रवाई कोतवाली थाना क्षेत्र में की गई। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि रेलवे स्टेशन के सामने पार्किंग क्षेत्र में स्थित शिव मंदिर के पास पीपल के पेड़ के नीचे एक महिला और दो युवक संदिग्ध हालत में बैग लेकर बैठे हैं। सूचना मिलते ही कोतवाली थाना, साइबर सेल और रेलवे पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर तीनों को हिरासत में ले लिया।

पूछताछ में आरोपियों की पहचान सिद्धांत गोंडा (28), कश्यप साहनी (45) और चंद्रिका साहनी (40) के रूप में हुई। तीनों आरोपी ओडिशा के कंधमाल जिले के रहने वाले बताए गए हैं।

1.76 लाख रुपए का गांजा बरामद

पुलिस ने तलाशी के दौरान आरोपियों के बैग और ट्रॉली से कुल 17.770 किलोग्राम गांजा बरामद किया। इसकी अनुमानित कीमत करीब 1.76 लाख रुपए बताई जा रही है। आरोपियों के पास से दो कीपैड मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।

मध्यप्रदेश में बिक्री की थी तैयारी

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे ओडिशा के कंधमाल जिले से गांजा खरीदकर मध्यप्रदेश के खुरई में बेचने के लिए ट्रेन से रायगढ़ पहुंचे थे। वहां से आगे जाने के लिए वाहन की तलाश कर रहे थे।

जांच में आरोपियों के पास गांजा परिवहन से जुड़ा कोई वैध दस्तावेज या लाइसेंस नहीं मिला। इसके बाद पुलिस ने तीनों के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।

ऑपरेशन ‘आघात’ के तहत कार्रवाई

शशि मोहन सिंह ने बताया कि जिले में “ऑपरेशन आघात” के तहत अवैध मादक पदार्थ कारोबारियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत रेलवे स्टेशन के बाहर से तीन गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।


Related Articles