IPL 2026 RCB Vs MI Match Today: रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में आज IPL का हाईवोल्टेज मुकाबला Royal Challengers Bengaluru और Mumbai Indians के बीच खेला जाएगा। शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में होने वाले इस मैच को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह है। हालांकि मुकाबले पर बारिश का खतरा भी मंडरा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार रायपुर में आज गरज-चमक, तेज हवाएं और हल्की बारिश की संभावना है।
मौसम विभाग का कहना है कि शाम के समय बादल छाए रह सकते हैं, लेकिन पिछली शाम जैसी तेज बारिश की संभावना कम है। ऐसे में मैच रद्द होने जैसी स्थिति बनने की उम्मीद नहीं है। वहीं ट्रैफिक पुलिस ने स्टेडियम तक पहुंचने के लिए रूट मैप जारी किया है। पार्किंग से स्टेडियम की दूरी करीब डेढ़ से दो किलोमीटर बताई गई है। स्टेडियम के गेट दोपहर 3:30 बजे खुलेंगे, जबकि मैच शाम 7:30 बजे शुरू होगा।
पिच रिपोर्ट: तेज गेंदबाजों को मिल सकती है मदद
रायपुर में शनिवार शाम हुई बारिश के कारण पिच और आउटफील्ड में हल्की नमी रहने की संभावना है। शुरुआती ओवरों में तेज गेंदबाजों को सीम और स्विंग मिल सकती है, जबकि नई गेंद रुककर आने की भी उम्मीद है। बल्लेबाजों को शुरुआत में संभलकर खेलना पड़ सकता है।
अब तक रायपुर में खेले गए 6 IPL मुकाबलों में 4 बार लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम ने जीत हासिल की है। ऐसे में टॉस जीतने वाली टीम पहले गेंदबाजी का फैसला कर सकती है। मैच आगे बढ़ने के साथ पिच बल्लेबाजी के लिए बेहतर हो सकती है।
स्पिनर्स भी निभा सकते हैं अहम भूमिका
अगर पिच में नमी बनी रही तो स्पिन गेंदबाजों को भी फायदा मिल सकता है। मिडिल ओवर्स में स्पिनर्स को टर्न और ग्रिप मिलने की संभावना है, जिससे बल्लेबाजों के लिए बड़े शॉट लगाना आसान नहीं रहेगा।
QR कोड से होगी एंट्री
मैच के लिए डिजिटल M-टिकट जारी किए गए हैं। दर्शकों को फिजिकल टिकट लेने की जरूरत नहीं होगी। एंट्री के लिए QR कोड मैच शुरू होने से कुछ समय पहले एक्टिव किया जाएगा। आयोजकों के मुताबिक यह व्यवस्था सुरक्षा और फर्जी एंट्री रोकने के लिए लागू की गई है।
दर्शकों को अपने टिकट पर दिए गए गेट नंबर से ही प्रवेश मिलेगा और Re-entry की अनुमति नहीं होगी। वहीं 2 साल से अधिक उम्र के बच्चों के लिए अलग टिकट जरूरी होगा। आयोजकों ने लोगों से समय से पहले स्टेडियम पहुंचने की अपील की है।

