Chhattisgarh Bilaspur Cyber Fraud: बिलासपुर। डिजिटल अरेस्ट और टेरर फंडिंग का डर दिखाकर रिटायर्ड महिला प्रोफेसर से 1.04 करोड़ रुपये की ठगी करने वाले साइबर गैंग का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। इस मामले में राजस्थान के चुरू जिले से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पीड़िता प्रो. रमन श्रीवास्तव (82) रियल हेवन की निवासी हैं और पहले डीपी कॉलेज में पदस्थ रह चुकी हैं। उनके साथ यह ठगी 20 अप्रैल को शुरू हुई, जब एक अज्ञात नंबर से वॉट्सऐप वीडियो कॉल आया और कॉलर ने खुद को पुलिस अधिकारी “संजय PSI” बताया।
डर और दबाव में फंसाकर की गई ठगी
आरोपियों ने फर्जी बैंक स्टेटमेंट, डेबिट कार्ड और सुप्रीम कोर्ट का नकली वारंट दिखाकर महिला को मानसिक दबाव में रखा। उन्हें यह धमकी दी गई कि उनके बेटे और पोते को भी गिरफ्तार किया जाएगा, जिससे वह सात दिनों तक पूरी तरह दहशत में रहीं।
किश्तों में ट्रांसफर कराए 1.04 करोड़ रुपये
डर के कारण महिला ने अलग-अलग किस्तों में कुल 1 करोड़ 4 लाख 80 हजार रुपये ठगों के खातों में ट्रांसफर कर दिए।
राजस्थान से दो आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने तकनीकी जांच और बैंक ट्रांजेक्शन ट्रेसिंग के आधार पर चुरू जिले से रुपेंद्र सिंह (21) और विशाल सिंह (20) को गिरफ्तार किया है। दोनों ने पूछताछ में स्वीकार किया कि वे कमीशन के लालच में बैंक खाते उपलब्ध कराते थे और रकम आगे ट्रांसफर करते थे।
पुलिस का साइबर नेटवर्क पर शिकंजा
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, ठगी की रकम कई बैंक खातों के जरिए आगे भेजी गई थी। साइबर टीम अब पूरे नेटवर्क और अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।
सीएसपी गगन कुमार ने कहा कि इस गैंग से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है और जल्द ही पूरी साजिश का पर्दाफाश किया जाएगा।

