Keralam Latest Political News: नई दिल्ली। केरलम के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूडीएफ की जीत के बाद राज्य के नए मुख्यमंत्री को लेकर कवायद तेज हो गई है। राज्य के कई दिग्गज नेता सीएम बनने को लेकर लॉबिंग में जुट गए हैं। इसी प्रयास में कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल और वरिष्ठ पार्टी नेता रमेश चेन्निथला बुधवार को कांग्रेस संसदीय दल की नेता सोनिया गांधी के आवास पहुंचे और उनसे मुलाकात की। केरलम के मुख्यमंत्री पद की होड़ में इन दोनों नेताओं के अलावा नेता प्रतिपक्ष वीडी सतीशन भी शामिल हैं।
केसी वेणुगोपाल सबसे आगे
सूत्रों के मुताबिक, 63 में से अधिकांश विधायक संगठन महासचिव के.सी. वेणुगोपाल के पक्ष में हैं। उनका अनुभव और संगठन पर पकड़ उन्हें मजबूत दावेदार बना रहा है, हालांकि वे वर्तमान में सांसद हैं, जिससे उपचुनाव की स्थिति बन सकती है।
सतीशन और चेन्निथला भी रेस में
वहीं विपक्ष के नेता वी.डी. सतीशन और वरिष्ठ नेता रमेश चेन्निथला भी मुख्यमंत्री पद की दौड़ में बने हुए हैं। दोनों नेताओं ने हाईकमान के सामने अपनी मजबूत दावेदारी पेश की है।
भूपेश बघेल को मिल सकती है बड़ी जिम्मेदारी
इस बीच छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को लेकर भी चर्चा तेज है कि उन्हें दिल्ली में संगठन स्तर पर बड़ी जिम्मेदारी दी जा सकती है।
अंतिम फैसला आलाकमान करेगा
पार्टी के पुराने रिवाज के अनुसार, विधायकों की राय के बाद अंतिम निर्णय हाईकमान ही लेगा। अब सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि कांग्रेस केरल में किसे मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी सौंपती है और दिल्ली संगठन में क्या बड़ा बदलाव होता है।

