खाद-बीज वितरण में लापरवाही पर भड़के अशोक साहू, किसानों को दी सतर्क रहने की सलाह

खाद-बीज वितरण में लापरवाही पर भड़के अशोक साहू, किसानों को दी सतर्क रहने की सलाह

Chhattisgarh Patan News: पाटन। खाद और बीज वितरण में हो रही देरी और निर्धारित मापदंड के अनुरूप आपूर्ति न मिलने को लेकर दिशा कमेटी दुर्ग की बैठक में गंभीर मुद्दा उठाया गया। बैठक में विधायक प्रतिनिधि अशोक साहू ने किसानों की समस्याओं पर कड़ी नाराजगी जताई।

अशोक साहू ने कहा कि खाद और बीज वितरण में लगभग एक महीने की देरी के बाद व्यवस्था शुरू तो हुई है, लेकिन कई समितियों में अब भी किसानों को तय मात्रा के अनुसार खाद उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। उन्होंने इसे किसानों के हितों के खिलाफ बताया।

उन्होंने किसानों से अपील की कि खाद और बीज के उठाव के दौरान मात्रा और गुणवत्ता की पूरी जांच जरूर करें, ताकि किसी भी तरह की गड़बड़ी से बचा जा सके। साहू ने कहा कि खेती का समय बेहद महत्वपूर्ण होता है और इस दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही सीधे फसल उत्पादन और किसानों की आर्थिक स्थिति को प्रभावित करती है।

दिशा कमेटी की बैठक में उन्होंने प्रशासन से इस व्यवस्था को और अधिक पारदर्शी और सुचारु बनाने की मांग की। उन्होंने कहा कि किसानों को उनका पूरा अधिकार मिले, इसके लिए जनप्रतिनिधि लगातार आवाज उठा रहे हैं और आगे भी यह मुद्दा मजबूती से उठाया जाएगा।


Related Articles