Chhattisgarh Patan News: पाटन। दुर्ग जिले के मर्रा स्थित इंडोर स्टेडियम में खेलो इंडिया लघु केंद्र के तहत कबड्डी चयन ट्रायल की शुरुआत हो गई है। इस ट्रायल में दुर्ग, बालोद, बेमेतरा, कवर्धा और धमतरी जिले से 100 से अधिक खिलाड़ियों ने पंजीयन कराया है। मैदान में खिलाड़ियों का उत्साह और ऊर्जा देखने लायक रही, जहां युवा प्रतिभाएं अपनी खेल क्षमता का प्रदर्शन करती नजर आईं।
ट्रायल के दौरान भरत लाल ताम्रकार एवं अन्य खेल शिक्षकों द्वारा खिलाड़ियों को विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है। चयनित खिलाड़ियों के लिए आगे आवासीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जाएगा, जिसमें विशेषज्ञ कोच आधुनिक तकनीक और खेल कौशल की ट्रेनिंग देंगे।
प्रशिक्षण पूर्ण होने के बाद खिलाड़ी ब्लॉक, जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। पहले दिन ही ग्रामीण क्षेत्रों से आए बच्चों की भागीदारी और जोश ने सभी का ध्यान आकर्षित किया।
इस अवसर पर कोच संतोष यादव, पूर्व सरपंच पालेश्वर ठाकुर, ग्राम के जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में खिलाड़ी उपस्थित रहे। कोच भरत लाल ताम्रकार ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, जरूरत सिर्फ सही मार्गदर्शन और अवसर की है। उन्होंने बताया कि बच्चों के लिए आवासीय सुविधा और भोजन की व्यवस्था निजी स्तर पर की जा रही है, ताकि खिलाड़ी बेहतर माहौल में प्रशिक्षण प्राप्त कर सकें।

