Chhattisgarh Latest News: रायपुर। रायगढ़ जिले के तमनार क्षेत्र में 19 मई को प्रस्तावित पेलमा कोयला खदान की जनसुनवाई को लेकर राजनीतिक और स्थानीय स्तर पर विरोध तेज हो गया है। आकाश शर्मा ने इस परियोजना का कड़ा विरोध करते हुए अदाणी ग्रुप पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
आकाश शर्मा ने कहा कि खनन परियोजनाओं के कारण छत्तीसगढ़ के आदिवासी क्षेत्रों में जल, जंगल और जमीन पर संकट गहराता जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि हसदेव अरण्य, बस्तर और रायगढ़ जैसे क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर पेड़ों की कटाई और जमीन अधिग्रहण किया जा रहा है, जिससे स्थानीय आदिवासी समुदायों की आजीविका और संस्कृति खतरे में पड़ रही है।
यूथ कांग्रेस अध्यक्ष ने दावा किया कि तमनार क्षेत्र में प्रस्तावित जनसुनवाई स्थानीय ग्रामीणों की सहमति के बिना आयोजित की जा रही है, जिसका लोग लगातार विरोध कर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि इस परियोजना से गांवों के विस्थापन, जल स्रोतों पर असर और पर्यावरणीय नुकसान की आशंका है।
उन्होंने आरोप लगाया कि कॉर्पोरेट हितों को बढ़ावा देने के लिए प्रशासन ग्रामीणों की आवाज को दबाने की कोशिश कर रहा है। साथ ही चेतावनी दी कि यदि बिना सहमति के जनसुनवाई कराई गई तो यूथ कांग्रेस और स्थानीय ग्रामीण मिलकर लोकतांत्रिक तरीके से बड़ा विरोध करेंगे।
आकाश शर्मा ने कहा कि जल, जंगल और जमीन पर पहला अधिकार स्थानीय लोगों का है, न कि किसी कॉर्पोरेट समूह का। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि 19 मई की जनसुनवाई को तत्काल निरस्त किया जाए और परियोजना की निष्पक्ष समीक्षा कर पर्यावरण और जनहित को प्राथमिकता दी जाए।

