Shubhendu Adhikari swearing-in: कोलकाता: पश्चिम बंगाल की राजनीति में ऐतिहासिक बदलाव के बीच भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता शुभेंदु अधिकारी ने शनिवार को मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। इसके साथ ही राज्य में पहली बार बीजेपी की सरकार बन गई। राजभवन में आयोजित भव्य शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत बीजेपी के कई बड़े नेता मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के साथ बीजेपी के पांच नेताओं ने भी मंत्री पद की शपथ ली। इनमें दिलीप घोष, अग्निमित्रा पॉल, अशोक कीर्तनिया, खुदीराम टुडु और निशीथ प्रमाणिक शामिल हैं। बीजेपी ने नई कैबिनेट में सामाजिक और क्षेत्रीय संतुलन साधने की कोशिश की है।
207 सीट जीतकर बीजेपी ने रचा इतिहास
2026 के पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 207 सीटों पर जीत दर्ज की। वहीं 15 साल से सत्ता में रही तृणमूल कांग्रेस 80 सीटों पर सिमट गई। चुनाव नतीजों को राज्य की राजनीति में बड़ा बदलाव माना जा रहा है।
भवानीपुर और नंदीग्राम में शुभेंदु की बड़ी जीत
शुभेंदु अधिकारी ने इस चुनाव में भवानीपुर और नंदीग्राम दोनों सीटों पर जीत हासिल की। भवानीपुर सीट पर उन्होंने ममता बनर्जी को 15,105 वोटों से हराया। वहीं नंदीग्राम सीट पर भी उन्होंने 1,27,301 वोट हासिल कर जीत दर्ज की। मतगणना के दौरान भवानीपुर सीट पर कांटे की टक्कर देखने को मिली, लेकिन अंत में शुभेंदु अधिकारी ने बाजी मार ली।
रिकॉर्ड मतदान ने बदली सियासत
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में इस बार रिकॉर्ड मतदान दर्ज किया गया। पहले चरण में 93.19 प्रतिशत और दूसरे चरण में 91.66 प्रतिशत मतदान हुआ। दोनों चरणों को मिलाकर कुल मतदान 92.47 प्रतिशत रहा, जो आजादी के बाद सबसे अधिक बताया जा रहा है।
राजनीतिक विश्लेषकों के मुताबिक भारी मतदान और जनता के रुझान ने राज्य की राजनीति की दिशा बदल दी। लंबे समय से सत्ता में रही ममता बनर्जी सरकार को हटाकर जनता ने बीजेपी को स्पष्ट बहुमत दिया।

