Chhattisgarh Balodabazar News: बलौदाबाजार। बलौदाबाजार जिले के ग्राम लटुवा में शासकीय भूमि पर कथित अवैध अतिक्रमण और निर्माण कार्य को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। गांव निवासी वेद प्रकाश कन्नौजे ने थाना बलौदाबाजार में शिकायत दर्ज कराते हुए ग्राम के ही दीपक साहू और उनके परिवारजनों पर सरकारी जमीन पर अवैध निर्माण कराने का आरोप लगाया है।
शिकायतकर्ता के अनुसार, मुख्य सड़क से लगे उनके मकान और दुकान के पास दीपक साहू द्वारा कथित रूप से मकान और कॉम्प्लेक्स का निर्माण कराया जा रहा है। उनका आरोप है कि निर्माण कार्य के चलते उनके घर और दुकान तक आने-जाने का रास्ता प्रभावित हो रहा है, जिससे उन्हें दैनिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
वेद प्रकाश कन्नौजे ने शिकायत में यह भी आरोप लगाया है कि ग्राम लटुवा के मुख्य स्वागत द्वार और नदी चौक के पास स्थित शासकीय भूमि पर भी अतिक्रमण कर निर्माण कार्य किया जा रहा है। उनका कहना है कि विरोध करने पर संबंधित पक्ष विवाद और झगड़े पर उतारू हो जाता है।
ग्रामीण ने मामले को लेकर गांव में शांति व्यवस्था बिगड़ने की आशंका जताई है। उन्होंने प्रशासन और पुलिस से पूरे प्रकरण की जांच कर अवैध निर्माण कार्य रुकवाने तथा दोषियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करने की मांग की है।
फिलहाल मामले को लेकर गांव और स्थानीय स्तर पर चर्चाएं तेज हो गई हैं। प्रशासन की ओर से शिकायत की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।

