Bhilai News: दूसरों के नाम पर सिम जारी कर बेचने वाला गिरोह पकड़ा, अवैध ट्रांजेक्शन में इस्तेमाल का खुलासा

Bhilai News: दूसरों के नाम पर सिम जारी कर बेचने वाला गिरोह पकड़ा, अवैध ट्रांजेक्शन में इस्तेमाल का खुलासा

Chhattisgarh Bhilai News: भिलाई। भिलाई के रिसाली क्षेत्र में सिम कार्ड के जरिए बड़े फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है। आरोप है कि कुछ लोग दूसरों के दस्तावेजों पर सिम कार्ड जारी कर उन्हें ऊंची कीमत पर बेच रहे थे। इन सिम कार्ड्स का इस्तेमाल अवैध आर्थिक लेन-देन में किया जा रहा था। मामले में नेवई पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी अब भी फरार है।

जानकारी के अनुसार, रिसाली गांव ढोल चौक निवासी बीटेक छात्र आयुष ताम्रकार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि करीब पांच-छह महीने पहले मैत्री नगर स्थित एक मोबाइल दुकान संचालक टी. भार्गव उसे अपनी दुकान पर ले गया, जहां उसके नाम से नया सिम कार्ड जारी कराया गया। इसके बदले उससे 200 रुपए भी लिए गए, लेकिन सिम उसे नहीं दिया गया।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी सिम कार्ड अपने पास रखकर अन्य लोगों को बेच देते थे। इस पूरे नेटवर्क के जरिए कई सिम कार्ड्स का उपयोग संदिग्ध आर्थिक गतिविधियों और अवैध ट्रांजेक्शन में किया जा रहा था।

जांच के दौरान यह भी पता चला कि आरोपियों को हर सिम कार्ड पर करीब 400 से 500 रुपए तक कमीशन मिलता था। संगठित तरीके से यह गिरोह लंबे समय से सक्रिय था।

मामले में हर्षित साहू, दीपक प्रजापति, ज्ञानेश समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि फैजान कुरैशी फरार है, जिसकी तलाश जारी है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, गिरोह द्वारा 40 से 50 सिम कार्ड अलग-अलग लोगों के नाम पर जारी किए गए थे, जिनके दुरुपयोग की आशंका जताई जा रही है। पुलिस अब पूरे नेटवर्क की गहन जांच कर रही है और इससे जुड़े अन्य लोगों की पहचान में जुटी है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामला साइबर और आर्थिक अपराध से जुड़ा हो सकता है। फिलहाल यह पता लगाया जा रहा है कि इन सिम कार्ड्स का इस्तेमाल किन-किन अवैध गतिविधियों में किया गया।


Related Articles