Chhattisgarh Surajpur News: सूरजपुर। थाना भटगांव पुलिस ने खदान से कॉपर केबल चोरी के मामले का खुलासा करते हुए 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 2 लाख 50 हजार रुपये कीमत का 70 मीटर कॉपर केबल तार और घटना में प्रयुक्त हथियार भी बरामद किए हैं।
मामला 20 अप्रैल 2026 का है, जब शिवानी भूमिगत खदान के प्रतिबंधित क्षेत्र में अज्ञात चोरों ने हथियारों के साथ घुसकर आईडीएलई स्पेयर में रखा कॉपर केबल काटकर चोरी कर लिया था। घटना की जानकारी खदान प्रबंधक चन्द्रकांत सोनवानी ने 24 अप्रैल को थाना भटगांव में रिपोर्ट दर्ज कराई। सीसीटीवी फुटेज में आरोपी हथियारों के साथ खदान में घुसते और केबल काटकर ले जाते हुए दिखाई दिए थे। हथियारों के डर से सुरक्षा गार्ड उन्हें रोक नहीं पाए।
रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज के आधार पर नरेन्द्र सिंह उर्फ पण्डा को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देने की बात कबूल की।
आरोपियों ने बताया कि चोरी किए गए कॉपर केबल को खदान के पास जंगल में छिपाकर रखा गया था। साथ ही यह भी खुलासा हुआ कि खदान में कार्यरत एक प्राइवेट ठेकेदार के कर्मचारी ने केबल की जानकारी देकर चोरी में सहयोग किया था। पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी का माल और तलवार व तब्बल जैसे हथियार जब्त कर लिए हैं।
पुलिस ने बताया कि मामले में एक अन्य आरोपी फरार है, जिसकी तलाश जारी है। इस पूरी कार्रवाई में थाना भटगांव पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।

