टिहरी गढ़वाल में दर्दनाक हादसा: 300 मीटर गहरी खाई में गिरी कार, 8 की मौत, 2 घायल

टिहरी गढ़वाल में दर्दनाक हादसा: 300 मीटर गहरी खाई में गिरी कार, 8 की मौत, 2 घायल

Tragic Accident in Tehri Garhwal News: उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल जिले से हादसे की दर्दनाक खबर सामने आ रही है। गुरुवार को जिले के नैल-कोटी कॉलोनी मार्ग पर एक वाहन करीब 300 मीटर गहरी खाई में गिर गया। इस हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई है तो वहीं, 2 लोग घायल बताए जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार, हादसे का शिकार सभी लोग घनसाली क्षेत्र के थ्योलधार गांव के रहने वाले थे और हरिद्वार में एक अंतिम संस्कार के बाद वापस लौट रहे थे। उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी ने इस हादसे पर शोक जताया है।

कैसे हुआ हादसा?
टिहरी जिला प्रशासन के मुताबिक, ये हादसे तब हुआ जब चंबा ब्लॉक में चंबा-कोटी सड़क पर नाइल के पास एक वाहन अनियंत्रित होकर लगभग 300 मीटर गहरी खाई में गिर गया। घायलों को डीएच बौरारी अस्पताल ले जाया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। इस हादसे की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ, स्वास्थ्य विभाग और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और मौके पर राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।

डीएम ने दी हादसे की जानकारी
उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल में चंबा-कोटी रोड बस दुर्घटना पर डीएम नितिका खंडेलवाल ने कहा, “प्रारंभिक जांच में लग रहा है कि चालक नींद में था जिस वजह से घटना हुई है। हमने सभी शव निकाल लिए हैं। पोस्टमार्टम जारी है। परिजनों को सूचित कर दिया गया है।” हादसे में 8 लोगों की मृत्यु हो गई है और 2 घायल हैं।

टिहरी गढ़वाल में हुए हादसे पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दुख जताया है। उन्होंने कहा- “जनपद टिहरी गढ़वाल के चंबा क्षेत्र अंतर्गत नैल-कोटी कॉलोनी मार्ग पर वाहन के दुर्घटनाग्रस्त होने का अत्यंत दु:खद समाचार प्राप्त हुआ। ईश्वर से प्रार्थना है कि दुर्घटना में दिवंगत हुए लोगों की आत्मा को श्रीचरणों में स्थान एवं शोक संतप्त परिजनों को यह असीम कष्ट सहन करने की शक्ति प्रदान करें। जिला प्रशासन को घायलों के उचित उपचार हेतु निर्देश दिए हैं। बाबा केदार से घायलों के स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं।”


Related Articles