CG Surajpur News: सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के भैयाथान जनपद पंचायत में सामान्य सभा की तिमाही बैठकों को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। नियमानुसार हर तीन माह में एक बैठक होना अनिवार्य है, लेकिन उपलब्ध अभिलेखों के अनुसार वर्ष 2025 में केवल तीन बैठकें आयोजित हुईं, जबकि 2026 में अब तक एक भी बैठक नहीं हुई है।
बताया जा रहा है कि 2025 की आखिरी बैठक के बाद करीब सात महीने का अंतराल बीत चुका है, जो नियमों के उल्लंघन की ओर इशारा करता है। इस मुद्दे ने स्थानीय स्तर पर प्रशासनिक कार्यप्रणाली को लेकर बहस तेज कर दी है।
सूचना के अधिकार (RTI) के तहत दिए गए जवाब में स्पष्ट किया गया है कि बैठकों में केवल निर्वाचित जनप्रतिनिधियों को ही शामिल किया गया और किसी अन्य व्यक्ति को प्रतिनिधि के रूप में बैठने की अनुमति नहीं दी गई।
हालांकि, दूसरी ओर सामने आए फोटो, वीडियो और सोशल मीडिया पोस्ट इस दावे पर सवाल खड़े कर रहे हैं। इनमें कुछ लोग खुद को बैठक में मौजूद बताकर गतिविधियों में शामिल होने का दावा करते नजर आ रहे हैं।
सबसे बड़ा विवाद उपस्थिति रजिस्टर को लेकर सामने आया है। जानकारी के मुताबिक, कुछ ऐसे जनप्रतिनिधियों के नाम से भी उपस्थिति दर्ज दिखाई दे रही है, जो शपथ ग्रहण के बाद से किसी बैठक में शामिल ही नहीं हुए। ऐसे में हस्ताक्षरों की प्रामाणिकता पर संदेह गहराता जा रहा है।
अब इस पूरे मामले में पारदर्शिता की मांग तेज हो गई है। लोगों का कहना है कि उपस्थिति पंजी, कार्यवाही विवरण, फोटो-वीडियो रिकॉर्डिंग और सभाकक्ष के सीसीटीवी फुटेज सार्वजनिक किए जाने चाहिए, ताकि वास्तविक स्थिति सामने आ सके।
फिलहाल, आधिकारिक दावों और सामने आ रहे तथ्यों के बीच अंतर ने प्रशासन को कठघरे में खड़ा कर दिया है। अब सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि संबंधित अधिकारी इन सवालों पर क्या जवाब देते हैं और क्या मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाती है।

