Chhattisgarh Kawardha News: कवर्धा। छत्तीसगढ़ में किसानों को सहकारिता के माध्यम से मजबूत बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने नवा रायपुर स्थित मंत्रालय महानदी भवन से प्रदेश की 515 नवगठित प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों (पैक्स) का वर्चुअल शुभारंभ किया।
इस पहल के तहत कवर्धा जिले में 48 नई समितियों की शुरुआत की गई है। मुख्यमंत्री ने इसे किसानों के लिए बड़ी सौगात बताते हुए कहा कि “सहकार से समृद्धि” के संकल्प को साकार करने की दिशा में यह ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने बताया कि अब प्रदेश में कुल सहकारी समितियों की संख्या बढ़कर 2,573 हो गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार खेती-किसानी में आधुनिक तकनीक और सहकारिता के जरिए नवाचार को बढ़ावा दे रही है, जिससे गांव और किसान दोनों समृद्ध बन सकें।
कवर्धा के भालूचुआ गांव में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जसविंदर बग्गा शामिल हुए। उन्होंने बताया कि अब पैक्स समितियां बहुउद्देश्यीय सोसायटी के रूप में काम करेंगी, जिससे किसानों को खाद, बीज और अल्पकालीन ऋण जैसी सुविधाएं उनके गांव में ही उपलब्ध होंगी।
उन्होंने कहा कि धान खरीदी प्रक्रिया भी अब आसान होगी और किसान अपनी नजदीकी समिति में ही धान बेच सकेंगे। साथ ही, प्रदेश की 2058 समितियों को कंप्यूटरीकृत किया गया है और इनमें माइक्रो एटीएम की सुविधा भी दी गई है, जिससे किसान 20 हजार रुपये तक की राशि निकाल सकेंगे।
इस पहल से भालूचुआ, तिलाई भाट और चंदनपुर के किसानों को धान बेचने के लिए दूर जाने की समस्या से राहत मिलेगी। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

