बस्तर में स्कूली शिक्षा में AI की एंट्री, शिक्षकों को दी गई आधुनिक तकनीक की ट्रेनिंग

बस्तर में स्कूली शिक्षा में AI की एंट्री, शिक्षकों को दी गई आधुनिक तकनीक की ट्रेनिंग

Chhattisgarh Bastar News: बस्तर। छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में स्कूली शिक्षा को डिजिटल और आधुनिक बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। जिला प्रशासन ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और 21वीं सदी के स्किल्स को स्कूल स्तर तक पहुंचाने की पहल शुरू की है।

इसी कड़ी में 15 से 17 अप्रैल तक धरमपुरा स्थित पॉलिटेक्निक कॉलेज में 3 दिवसीय शिक्षक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस प्रशिक्षण में जिले के विभिन्न ब्लॉकों से चयनित 25 शिक्षकों ने भाग लिया, जिनमें गणित, विज्ञान और कंप्यूटर विषय के शिक्षक शामिल रहे।

इस कार्यक्रम का संचालन The Pi Jam Foundation द्वारा किया गया। ट्रेनर नयन सोरी ने शिक्षकों को AI के बेसिक कॉन्सेप्ट से लेकर उसके व्यावहारिक उपयोग तक की जानकारी दी। प्रैक्टिकल सेशनों के जरिए यह बताया गया कि किस तरह AI टूल्स को कक्षा में शामिल कर पढ़ाई को आसान और प्रभावी बनाया जा सकता है।

इस पहल का सीधा लाभ कक्षा 9वीं से 12वीं तक के छात्रों को मिलेगा। प्रशिक्षण प्राप्त शिक्षक अपने-अपने स्कूलों में अब छात्रों को AI और डिजिटल स्किल्स सिखाएंगे। अनुमान है कि इससे 10 हजार से अधिक छात्र लाभान्वित होंगे।

प्रशिक्षण में यह भी बताया गया कि AI का उपयोग केवल तकनीकी क्षेत्र तक सीमित नहीं है, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि समेत कई क्षेत्रों में तेजी से बढ़ रहा है। ऐसे में छात्रों को शुरुआती स्तर पर ही इससे परिचित कराना जरूरी है, ताकि वे भविष्य के लिए तैयार हो सकें।

जिला प्रशासन के अनुसार, आगे भी ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिससे अधिक से अधिक शिक्षक और छात्र इस पहल से जुड़ सकें। अधिकारियों का मानना है कि इससे न सिर्फ शिक्षण पद्धति में सुधार आएगा, बल्कि छात्रों में नई तकनीकों के प्रति रुचि भी बढ़ेगी।


Related Articles