Karma Jayanti Festival in Kumhari: कुम्हारी। ग्राम सांकरा (कुम्हारी) परिक्षेत्र गोढ़ी में परिक्षेत्र साहू संघ गोढ़ी के तत्वावधान में परिक्षेत्र स्तरीय कर्मा जयंती महोत्सव एवं सामूहिक आदर्श विवाह कार्यक्रम का भव्य आयोजन संपन्न हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत भक्त माता कर्मा के तेल चित्र पर माल्यार्पण कर की गई। इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों का शाल व श्रीफल भेंटकर स्वागत किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल तथा पूर्व गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला साहू संघ के अध्यक्ष नंदलाल साहू ने की। अति विशिष्ट अतिथियों के रूप में सतीश साहू (विधायक प्रतिनिधि), ढाल सिंह साहू (अध्यक्ष, तहसील साहू संघ अहिवारा), अनुज साहू (संरक्षक, तहसील साहू संघ) एवं नटवर ताम्रकार (पूर्व अध्यक्ष, नगर पालिका अहिवारा) उपस्थित रहे।
विशिष्ट अतिथियों में राम कुमार धनकर, उमेश्वर साहू, रामनारायण साहू, अशोक साहू, भूवनेश्वर साहू, महेश्वर साहू, बलराम साहू, लीला साहू, निकलेश साहू, डॉ. सी. एल. साहू, हेमंत साहू एवं अरुण साहू सहित कई गणमान्य नागरिक शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान मां कर्मा हॉस्पिटल द्वारा स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। वहीं सामूहिक आदर्श विवाह में दो जोड़ों का विधिवत विवाह संपन्न कराया गया, जिसे समाजजनों ने सराहा।
अपने उद्बोधन में पूर्व गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू ने कहा कि कर्मा जयंती को मूल रूप से चैत कृष्ण पक्ष में मनाना चाहिए, जिससे समाज की परंपराओं का सही रूप में पालन हो सके। उन्होंने कहा कि समाज की शक्ति केवल संख्या में नहीं बल्कि विचारों में होती है, इसलिए समाज को संगठित होकर अपनी कुरीतियों को दूर करते हुए एकजुटता के साथ आगे बढ़ना चाहिए।
मुख्य अतिथि सांसद विजय बघेल ने कहा कि समाज को संगठित बनाए रखना एक चुनौतीपूर्ण कार्य है, लेकिन सभी के सहयोग और समर्पण से यह संभव है। उन्होंने कहा कि समाज के कार्यों के लिए पूर्व तैयारी आवश्यक है तथा नई पीढ़ी को समाज और संस्कृति से जोड़ना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने यह भी कहा कि छत्तीसगढ़ के विकास में सभी समाजों का महत्वपूर्ण योगदान है और आप सभी के आशीर्वाद से ही वे दूसरी बार सांसद बनने में सफल हुए हैं।
कार्यक्रम के अंत में समाजजनों ने विभिन्न सामाजिक मांगों को रखा, जिनमें डोम शेड निर्माण की मांग प्रमुख रही। इस पर सकारात्मक पहल का आश्वासन दिया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे और आयोजन को सफल बनाया।

